
2 Haryana Women Arrested: मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं के गले से चेन और मंगलसूत्र काटने और जेबतराशी की वारदातों के मामले में पुलिस ने 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं हरियाणा के बलियाली की रहने वाली हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 चेन और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले 2 कटर बरामद किए हैं। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है जिसमें चोरी की अन्य वारदातों और इनके साथ जुड़े लोगों को लेकर जानकारी सामने आ सकती है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान किरण देवी और अंजली के रूप में हुई है। दोनों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर आभूषण काटने और जेबतराशी करने का संदेह है। तलाशी के दौरान इनके पास से दो सफेद धातु की चेन, एक पीले रंग की धातु की चेन और दो कटर मिले हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ और जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार किया। आगे की पूछताछ में बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाएं अकेले वारदात करती थीं या इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के अलावा इन्होंने राजस्थान के दूसरे धार्मिक स्थलों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ऐसी वारदातें की हैं या नहीं।
हरियाणा से राजस्थान आकर चोरी करने वाले गिरोह से इनके संबंध होने की आशंका को लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से कोई अंतिम पुष्टि सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गिरफ्तार महिलाएं किसी बड़े गिरोह से जुड़ी हैं या नहीं। पुलिस कार्रवाई में एएसआई देवीसिंह, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, ओमेन्द्र कुमार, देशराज, रवि कुमार, देशराज और महिला कांस्टेबल नीतू शामिल रहे। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच कर रही है।