दौसा

Dausa: पति-पत्नी का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

Dausa Road Accident: लालसोट क्षेत्र के समेल गांव में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब लालसोट-कोथून हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
2 min read
May 13, 2026
Mukesh Meena and Chhoti Devi (2)
मृतक मुकेश मीना व छोटी देवी। फोटो: पत्रिका

दौसा। लालसोट क्षेत्र के समेल गांव में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब लालसोट-कोथून हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को दोनों के शव गांव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में गमगीन माहौल में दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार समेल गांव की कोठीवाली ढाणी निवासी 36 वर्षीय मुकेश मीना पुत्र रामसहाय मीना सोमवार शाम को अपनी पत्नी 32 वर्षीय छोटी देवी के साथ किसी धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए बाइक से निकले थे। देर रात लौटते समय टोंक जिले के दतवास थाना क्षेत्र स्थित हिंगोनिया मोड़ के पास एक ट्रक ने ओवरटेक के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

राहगीरों की मदद से दोनों को चाकसू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। दंपती के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 9 वर्ष और 4 वर्ष है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

ट्रक की टक्कर से जुगाड़ सवार की मौत

इधर, कलक्ट्रेट पुलिया के पास जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर जुगाड़ और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक जने की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतार लग गईं। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

कोतवाली थाना इंचार्ज भगवान सहाय शर्मा ने बताया कि टोडाभीम क्षेत्र के करीरी गांव के लोग तीये बैठक में शामिल होकर बस्सी से लौट रहे थे। इस दौरान कलक्ट्रेट पुलिया के पास उनके जुगाड़ की ट्रक ने टक्कर हो गई। हादसे में करीरी निवासी मोहनलाल मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उदय चंद मीणा, मामरी देवी, प्रकाशी देवी, शांति देवी, अमरती देवी, लखन बाई और बीना देवी घायल हो गई।

Updated on:
13 May 2026 09:59 am
Published on:
13 May 2026 09:56 am