दौसा

मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे किरोड़ी लाल मीणा, केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर की विशेष पूजा

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा बुधवार को सिद्दपीठ मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मोदी सरकार के स्वर्णिम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बालाजी महाराज के दर्शन किए और बालाजी की आरती कर विशेष पूजा-अर्चना की। यज्ञ में आहुतियां देकर देश और प्रदेश में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

2 min read
Jun 10, 2026
kirodi lal Meena in mehndipur
Kirodi Lal Meena: मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में आरती करते हुए (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

दौसा। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा बुधवार को सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा निरंतर विकास की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक और उत्सवी माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री ने सबसे पहले बालाजी महाराज के दर्शन किए और मंदिर में विधि-विधान के साथ आरती में भाग लिया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की प्रार्थना की। मंदिर के पंडितों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए पुष्पमाला पहनाई और सोने के चोले का तिलक लगाकर सम्मानित किया। वहीं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन कर मोदक प्रसादी भेंट की।

कई स्थानों पर मंत्री का हुआ स्वागत

मेहंदीपुर बालाजी पहुंचने से पहले मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्य बाजार, बालाजी मोड़, मीन भगवान मंदिर सहित कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें साफा पहनाकर तथा मालाएं अर्पित कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

यह वीडियो भी देखें :

12 वर्षों की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश

दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक सशक्त और प्रभावशाली पहचान बनाई है तथा देश की सांस्कृतिक विरासत और गौरव को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

पीएम मोदी के दीर्घायु की कामना

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व विकास की राह पर आगे बढ़ा है और आज भारत विश्व में सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने बालाजी महाराज से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीर्घायु प्रदान करें तथा देश विकास, समृद्धि और सम्मान के नए आयाम स्थापित करता रहे।

इस अवसर पर एसडीएम डॉ. नवनीत कुमार, टोडाभीम के पुलिस उपाधीक्षक मुरारी लाल, बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Published on:
10 Jun 2026 05:36 pm