Monsoon Update Rajasthan: मौसम विभाग के अलर्ट के बाद शुक्रवार को राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर, कोटा, पाली, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, जैसलमेर, बूंदी, बारां और बाड़मेर समेत कई जिलों में कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश हुई।
Monsoon Update Rajasthan: मौसम विभाग के अलर्ट के बाद शुक्रवार को राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर, कोटा, पाली, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, जैसलमेर, बूंदी, बारां और बाड़मेर समेत कई जिलों में कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश हुई। कोटा में शाम चार बजे बाद मौसम बदला और महावीर नगर समेत नया कोटा के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि अन्य जगहों पर बूंदाबांदी होकर रह गई। कोटा जिले के रामगंजमंडी उपखंड में शाम पांच बजकर बीस मिनट जोरदार बरसात हुई। सड़कों पर पानी बह निकला।
बूंदी जिले में पिछले चार-पांच दिनों से हो रही उमस को शुक्रवार को हुई बारिश ने धो दिया। बूंदी शहर में सुबह से बादल छाए रहे। शाम करीब चार बजे शहर में हल्की बारिश हुई। कापरेन, बरूंधन, खटकड़, नोताड़ा, रामगंजबालाजी, करवर में भी बारिश हुई। केशवरायपाटन में आधा घंटा तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बारां जिले में बादल छाए रहे। उमस ने परेशान किया। अंता में करीब आधा घंटे बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। प्रतापगढ़ जिले में कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश हुई। जिले में सर्वाधिक बारिश दलोट में 21 एमएम दर्ज की गई। जयपुर में भी अच्छी बारिश हुई। राजस्थान में एक जून से लेकर अब तक करीब 180.3 मिमी बरसात हो चुकी है जबकि इस दौरान सामान्य बारिश का औसत 78.4 मिमी है यानी अब तक 130 प्रतिशत अधिक बरसात हो चुकी है। अब तक सर्वाधिक बारिश पाली में हुई है, जहां औसत से 415 मिमी अधिक पानी बरसा है। मौसम विभाग प्रदेश में एक जून से लेकर तीस सितम्बर तक मानसूनी बरसात मानता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन राजस्थान में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले तीन घंटे में शुक्रवार रात 7 बजे से 10 बजे के बीच बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटे में सीकर, टोंक, सवाईमाधोपुर और दौसा जिले में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ जगह पर एक या दो दौर तेज बारिश के होने की संभावना है। वहीं भीलवाड़ा, अजमेर, पाली, झुंझुनूं, नागौर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, राजसमंद, पाली, उदयपुर, सिरोही, बांसवाड़, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, जालोर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, चूरू और बीकानेर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।