heavy rain का अलर्ट
राजस्थान में मानसून का दूसरा चरण शुरू हो गया है। गुरुवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक बारिश करौली के श्रीमहावीरजी में 120 मिमी., बांसवाड़ा में 61, बीकानेर शहर में 33.4 मिमी बारिश हुई। अगले दो सप्ताह मानसून खूब मेहरबान रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर ने दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया। जिसके अनुसार दोनों सप्ताह प्रदेश में सामान्य से अधिक बरसात होगी। वर्तमान में एक चक्रवात सिस्टम मध्य पाकिस्तान पर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन कोटा, बीकानेर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए गुजर रही है। इससे 4-5 दिन राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। शुक्रवार को जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली के अलावा कोटा, करौली, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट है। शनिवार को डूंगरपुर, सिरोही, उदयपुर, जालोर, जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।