दौसा

Dausa Weather Alert: तेज अंधड़-बारिश के साथ गिरे ओले, खेतों में बिछी सफेद चादर; आज ऑरेंज अलर्ट

Dausa Weather Update: राजस्थान के दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इससे पहले शुक्रवार शाम को कई जगह तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई और ओले गिरे।

2 min read
Apr 04, 2026
दौसा में बारिश व इनसेट में ओले। फोटो: पत्रिका

दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजस्थान में नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से दौसा में सुबह से ही बादल छाए हुए है। वहीं, कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने भी आज दौसा जिले में तेज बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इससे पहले शुक्रवार शाम को दौसा जिले में अधिकतर जगह तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कड़ाने लगी। कुछ देर बाद तेज अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। लालसोट, सिकराय, गीजगढ़ क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। कई स्थानों पर विद्युत पोल और पेड़ों की मोटी मोटी टहनियां टूटकर गिर पड़ी। दौसा शहर में तीन घंटे तक बिजली गुल रही।

ये भी पढ़ें

Weather Alert: राजस्थान में ओलावृष्टि के बाद 13 दिन में दूसरी बार गिरा 8° पारा, IMD ने दिया आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

आधे घंटे तक तेज बारिश

लालसोट क्षेत्र में शुक्रवार शाम को मौसम ने एक बार फिर अचानक पलटा खाया। शाम करीब 6 बजे अचानक बदले मौसम के तेवर के चलते शहर के साथ-साथ डिडवाना, शिवसिंहपुरा, सोंनदा, बिलौणा कलां और गोल्या सहित कई ग्रामीण इलाकों में लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश दर्ज की गई। इस जोरदार बारिश के साथ-साथ इन क्षेत्रों में करीब 5 मिनट तक ओले भी गिरे। ओलावृष्टि की तीव्रता इतनी थी कि कई गांवों के खेतों में तो ओलों की सफेद चादर सी बिछ गई। गंगापुर रोड पर स्थित सेवानिवृत्त आईएएस बी.एम. मीना के आवास पर भी ओलों का बड़ा ढेर जमा हो गया।

खेत-खलिहानों में बिछी सफेद चादर, जनजीवन प्रभावित

सिकराय उपखंड क्षेत्र में शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। शुरुआत में ओलों की संख्या कम थी, लेकिन धीरे-धीरे ओलावृष्टि तेज हो गई, जिससे खेत-खलिहानों और रास्तों पर सफेद चादर सी बिछ गई। पेड़ों की टहनियां टूट गई। लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।

महुवा क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे। खेतों में रखी फसलों में नुकसान होने से किसान चिंतित नजर आए। सिकराय क्षेत्र में गिरे आले। गीजगढ़ तेज आंधी और बारिश के साथ चने के आकार के ओले करीब दस मिनट तक गिरे।

किसानों को काफी नुकसान

किसानों का कहना है कि गेहूं की कटाई के दौरान बार-बार मौसम बिगड़ने से उन्हें लगातार आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। डिडवाना कस्बा निवासी नाथूलाल पटेल समेत कई किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि गेहूं की कटाई का कार्य अभी भी जारी है। पूर्व में हुई बारिश से पहले ही किसानों को काफी नुकसान हो चुका था। लवाण उपखंड क्षेत्र में तेज आंधी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। ईंटों से बना एक रसोईघर ढह गया।

जानें आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम केंद्र जयपुर ने शनिवार को ​दौसा जिले में मेघगर्जन और व्रजपात के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई। जिलेभर में आज 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद दो दिन तक मौसम साफ रहेगा। लेकिन, 7 अप्रेल को एक बार फिर नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 7 अप्रेल को जिलेभर में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan New Rail Track:100KM तक बिछेगी नई रेल लाइन, 374.70 करोड़ आएगी लागत; 10 स्टेशन भी बनेंगे
Also Read
View All