दौसा

हत्या का खुलासा नहीं करने से गुस्साए लोग

रैली निकालकर दिया धरना

2 min read
May 15, 2018
dharna in dausa

दौसा. शहर की खारीकोठी निवासी एक जने का गत माह गोवर्धनजी के एक कुण्ड में शव मिलने के मामले का खुलासा नहीं करने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को नगरपरिषद उप सभापति वीरेन्द्रकुमार शर्मा के नेतृत्व में रैली निकाली। इसके बाद कलक्ट्रेट के मुख्यद्वार पर धरना व अनशन शुरू कर हत्या के खुलासे की मांग की। शाम को कोतवाली थाना प्रभारी अजय यादव व यातायात प्रभारी प्रदीप सिंह आदि ने दस दिन में मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया। इस पर सर्वसम्मति से धरने व अनशन को स्थगित कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार रामेश्वर सैन का पिछले महीने उत्तरप्रदेश के गोवर्धनजी में एक कुण्ड में शव मिला था। वह घर से दुकान पर जाने की बात कह कर निकला था। परिजनों ने उस वक्त कोतवाली थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करा दी थी। अब आरोप है कि उसकी किसी ने हत्या कर दी। उपसभापति ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि हत्या का खुलासा नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।


इस अवसर पर प्रेम हरितवाल, पूर्व पार्षद विजय शंकर, अंशु शर्मा, रघु शर्मा, रामजीलाल सैन, हनुमान सहाय, लक्ष्मीनारायण, प्रकाश, विक्रम, गजानंद, घासीलाल, कैलाश तीतरवाड़, बाबूलाल, राधा देवी, सुनीतादेवी व विमला के अलावा सैन समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सैन समाज के कई प्रतिष्ठान भी बंद रहे।


पिता - पुत्र को भेजा जेल


नांगल राजावतान. थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव थूमड़ी से हत्या के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। एएसआई विजयपालसिंह ने बताया कि गांव थूमड़ी में भूमि विवाद को लेकर 9 अप्रेल 2018 को दो पक्षों में झगड़ा हो गया था।

झगड़े में प्रसादी मीना के सिर में चोट आने पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज हुआ था । इसे लेकर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में गिर्राज प्रसाद पुत्र रामप्रताप मीना व रामप्रताप को गिरफ्तार कर न्यायालय में भेज दिया जहां से उन्हे जेल भेज दिया।

Published on:
15 May 2018 08:19 pm