दौसा

Rajasthan Politics: राजस्थान की इस चर्चित सीट पर नहीं चला मोदी-योगी का मैजिक, गहलोत-पायलट रहे असरदार

Dausa Lok Sabha Constituency Result 2024: दौसा लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मैजिक नहीं चल पाया। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट और अशोक गहलोत असरदार रहे।

2 min read
Jun 06, 2024
File Photo

Dausa Lok Sabha Constituency Result 2024: दौसा लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मैजिक नहीं चल पाया। भाजपा के स्टार और फायर ब्रांड नेता का भी मतदाताओं पर कोई असर नजर नहीं आया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व डिप्टी सीएम और सीडब्ल्यूसी सदस्य सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का चुनाव प्रचार बेहद कारगर साबित हुआ। उनकी सभा वाले क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवार ने भाजपा पर जोरदार बढ़त बनाई है। इसी का नतीजा है कि कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीना ने 2 लाख 37 हजार 340 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। यह दौसा सीट पर अब तक की सबसे बड़ी जीत हैं।

दौसा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त मिली

दौसा लोकसभा क्षेत्र में दिग्गज नेताओं की एक दर्जन से अधिक जनसभा और रोड शो हुए थे। 12 अप्रेल को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दौसा शहर में बडा रोड़ शो आयोजित किया गया था। जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा था, लेकिन भाजपा इसको वोटों में तब्दील करने में सफल नहीं हो सकी और दौसा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को 36 हजार से अधिक मतों की बढ़त मिली, वहीं भाजपा के सबसे फायर ब्रांड नेता यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लालसोट में चुनावी सभा की थी, लेकिन यहां भाजपा को साढे़ 32 हजार से अधिक मतों से शिकस्त मिली।

CM भजनलाल नहीं कर पाए कमाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 17 अप्रेल रामनवमी पर्व पर चुनाव प्रचार से ठीक पहले रोड शो कर नुक्कड़ सभा को संबोधित किया था, लेकिन बांदीकुई में भी भाजपा 26 हजार से भी अधिक मतों से पिछड़ गई। सिकराय क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चुनावी सभा की थी, लेकिन यहां भाजपा सबसे ज्यादा 63 हजार से भी अधिक वोटों से पीछे रही।

कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की बांदीकुई के मुकुरपुरा में सचिन पायलट के साथ जनसभा हुई। जो कांग्रेस के लिए बेहद ही फायदेमंद साबित हुई। बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को 26 हजार वोटों से बढ़त मिली।

इसका असर सिकराय विधानसभा क्षेत्र में भी देखने को मिला। इसके अलावा सचिन पायलट ने दौसा, महुवा के गांजीपुर, थानागाजी के प्रतापगढ़ में चुनावी जनसभाएं की। इन सभी क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीना को जोरदार बढ़त मिली हैं तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिकराय के गीजगढ़ में जनसभा की जहां कांग्रेस को शानदार जीत हुई।

Also Read
View All

अगली खबर