दौसा

Rajasthan Bypoll: विदाई से पहले सीधे पोलिंग बूथ पहुंचीं नई नवेली दुल्हन, मतदान कर सुर्खियों में छाई राजस्थान की ये ​बेटियां

राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, कई मतदान केंद्रों से कुछ प्रेरक तस्वीरें सामने आईं है।

2 min read
Nov 13, 2024

Rajasthan Assembly By-election: राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। सलूंबर,चौरासी, झुंझुनूं, खींवसर, रामगढ़, दौसा और देवली-उनियारा में उपचुनाव के लिए हो रही वोटिंग को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए वोटर्स उत्साहित नजर आ रहे हैं। ऐसे में दुल्हनें भी कहां पीछे रहने वाली है। कई मतदान केंद्रों से कुछ प्रेरक तस्वीरें सामने आईं है। कई जगह विदाई से पहले नई नवेली दुल्हनें सीधे पोलिंग बूथ पहुंची और मतदान कर सुर्खियों में छा गई।

दौसा जिले के मलारना स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह विदाई से पहले दो दुल्हन वोट डालने के लिए पहुंची। दुल्हन सोनिया और निकिता कटारिया दोनों सगी बहनें है और मलारना गांव की रहने वाली है। स्वर्गीय गजानंद कटारिया की दोनों बेटियों की शादी देवउठनी एकादशी के दिन हुई। आज दोनों बहन विदाई से पहले बुधवार सुबह मलारना स्कूल मतदान केंद्र पहुंची और वोट डाला। इसके बाद दोनों बहनें अपने-अपने ससुराल के लिए रवाना हुई।

वोटिंग के लिए प्रेरित करने वाली तस्वीर

दौसा के भंडाना में भी बूथ संख्या 86 से वोटिंग के लिए प्रेरित करने वाली तस्वीर सामने आई हैं। यहां नव विवाहितों ने विदाई से पहले मतदान किया। अनुराधा और सपना पुत्री कृष्ण अवतार शर्मा भी विदाई से पहले वोट डालने के लिए पहुंचीं। मतदान केंद्र पर दोनों ने सेल्फी भी ली। दौसा की ये बेटियां वोट डालकर खूब सुर्खियां बंटोर रही है।

नौगांवा में भी नई नवेली दुल्हन ने डाला वोट

इधर, रामगढ़ विधानसभा के नौगांवा में भी नई नवेली दुल्हन वोट डालने पहुंची। देवउठनी एकादशी पर शादी के बाद आज दुल्हन ससुराल जाने वाली थी। इससे पहले वो अपने पति के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंची और वोट डालकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही उसने सभी लोगों से मतदान के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

लोकतंत्र में महिला सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण

इधर, खींवसर विधानसभा क्षेत्र के बू-नारावता गांव में अलसुबह मतदान शुरू होने के साथ ही दुल्हन के वेश में पहुंची पूजा प्रजापत व सरस्वती प्रजापत ने लोकतंत्र में महिला सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण पेश किया।

Also Read
View All

अगली खबर