दौसा

Rajasthan Chunav 2023: राजस्थान की महवा हॉट सीट पर भाजपा-कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला, सुबह ही वोट देने पहुंच गए भाजपा उम्मीदवार

Rajasthan Chunav 2023: राजस्थान की हॉट सीट महवा से भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र मीणा शनिवार सुबह मतदान करने पहुंचे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

2 min read
Nov 25, 2023

Rajasthan Chunav 2023 राजस्थान की हॉट सीट महवा से भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र मीणा शनिवार सुबह मतदान करने पहुंचे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। दौसा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मुरारीलाल मीणा ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया। दौसा जिले में इस बार चुनावी मुकाबला रोचक हो रहा है। जिले की पांचों सीटों पर पुराने चेहरे मैदान में होने से दिग्गजों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। कांग्रेस जहां अपना गढ़ बचाने में लगी है तो भाजपा इस बार जीत के लिए हरसंभव कोशिश में जुटी है। गौरतलब है कि गत चुनाव में जिले में कांग्रेस ने चार और एक सीट पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की थी।


जिले की लालसोट सीट पर चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीना सातवीं बार जीत दर्ज करने की फिराक में हैं तो उनको भाजपा के रामबिलास मीना कड़ी चुनौती दे रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान मंत्री को एक-दो बार विरोध भी झेलना पड़ा तो आखिरी समय मे भाजपा प्रत्याशी के कार के शीशे तोड़े जाने की घटना भी हुई है। ऐसे में यहां कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। एसटी आरक्षित इस सीट पर सामान्य, ओबीसी व एससी मतदाता निर्णायक भूमिका में नजर आ रहे हैं।


दौसा विधानसभा क्षेत्र में राज्यमंत्री मुरारीलाल मीना तीसरी बार जीतने के लिए जोर लगा रहे हैं तो भाजपा के शंकरलाल शर्मा ने दूसरी दफा विधायक बनने के लिए ताकत झोंक रखी है। यहां से पिछला चुनाव कांग्रेस ने 50 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से जीता था। ऐसे में भाजपा इस अंतर को पाटने के लिए पुरजोर कोशिश में लगी है। वहीं मुरारीलाल खेमे के लिए अन्य दलों के प्रत्याशी चिंता का कारण बन रहे हैं।


सिकराय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मंत्री ममता भूपेश और भाजपा के विक्रम बंशीवाल के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। एससी आरक्षित इस सीट पर ओबीसी व सामान्य मतों की स्थिति मतदाताओं के बीच स्पष्ट हो चुकी है। ऐसे में एसटी मतदाता निर्णायक भूमिका है, जिनकी संख्या भी करीब 35 प्रतिशत हैं। बांदीकुई में पिछली बार की तरह इस बार भी निकटतम मुकाबला हो रहा है। जातीय आधार पर मतदाताओं की गोलबंदी हो रही है। कांग्रेस से विधायक गजराज खटाणा और भाजपा से भागचंद टांकड़ा मैदान में हैं। यहां एसटी-एससी और सामान्य वर्ग के मतदाता भाग्य विधाता बने हुए हैं। दोनों ही प्रत्याशियों ने पूरा जोर लगाया है।


महुवा हॉट सीट पर विधायक ओमप्रकाश हुड़ला इस बार कांग्रेस के टिकट पर जीत की तिकड़ी बनाने में लगे हैं तो भाजपा के राजेन्द्र मीना कड़ी टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस के बागी निर्दलीय रामनिवास गोयल भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। यहां ओबीसी, एससी और सामान्य वर्ग के मतदाताओं को राजनीतिक दल अपनी ओर आकर्षित करने के लिए प्रयासरत हैं।


इस बार मतदान का बनाएं रिकॉर्ड
जिले में वर्ष 2013 में औसतन 75.54 प्रतिशत तथा 2018 में 75.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस बार पत्रिका ने जागो जनमत अभियान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर मतदान का नया रिकॉर्ड कायम करने का आह्वान किया है। प्रशासन के अलावा अन्य संस्थाओं ने भी मतदाता जागरुकता के भरसक प्रयास किए हैं।

Published on:
25 Nov 2023 07:46 am
Also Read
View All