दौसा

Rajasthan Politics: सरकार की शह पर पीएम की छवि धूमिल करने की चेष्टा: जोशी

Rajasthan Politics: पंचायत समिति दौसा में महंगाई राहत शिविर में मंगलवार को एलईडी स्क्रीन पर आम आदमी पार्टी की मोदी हटाओ-देश बचाओ रैली का वीडयो चलने का मामला गर्माता हुआ नजर आ रहा है।

2 min read
May 05, 2023

दौसा. पंचायत समिति दौसा में महंगाई राहत शिविर में मंगलवार को एलईडी स्क्रीन पर आम आदमी पार्टी की मोदी हटाओ-देश बचाओ रैली का वीडयो चलने का मामला गर्माता हुआ नजर आ रहा है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने गुरुवार को राज्यपाल को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है। इसमें उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से चाढे चार साल बीत जाने के बाद प्रदेश के पंचायत संस्थानों एवं नगरीय क्षेत्रों में महंगाई राहत के नाम से शिविर लगाए जा रहे हैं।

दौसा पंचायत समिति परिसर में आयोजित शिविर में टीवी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के खिलाफ मोदी हटाओ-देश बचाओं के स्लोगन चलाए गए। साथ ही आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा पीएम के खिलाफ दिए जाने वाले भाषणों को भी चलाया गया। जो सरकार की शह एवं संरक्षण में प्रशासन द्वारा पीएम की छवि को जनता की नजरों में धूमिल करने की चेष्टा है, वहीं लोकसेवक के दायित्वों का उल्लंघन भी है।

ऐसे में शिविर में स्लोगन चलाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार को निर्देशित करें। इस मामले में भाजपा की ओर से बुधवार को जिले में कई जगह धरना प्रदर्शन कर रोष जताया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में जिला कलक्टर कमर चौधरी पहले ही बता चुके हैं कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए गए अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कर्नाटक चुनावों के लिए जारी कांग्रेस के घोषणापत्र में बजरंग दल को बैन करने की घोषणा को कांग्रेस के लिए विनाश काले विपरीत बुद्धि बताया है। सवाई माधोपुर से जयपुर लौटने के दौरान लालसोट में मीडिया से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी राष्ट्रीय व प्रदेश के मुद्दों पर जम कर बरसे। उन्होंने कहा कि जब किसी पार्टी व सरकार का इस तरह की सोच हो, जिनके नेता एनकाउंटर में आतंकवादी के मरने पर आंसू आते हैं, रात भर नींद नहीं आती है, आतंकी के छूटने पर इनके चेहरें पर खुशी आती है, राम मंदिर नहीं बने, इसके लिए ये सुप्रीम कोर्ट में जाते हैं। अब ये बजरंग दल पर बैन लगाने की बात कर रहे हैं। भ्रष्टाचार रूपी लंका को ध्वस्त करने के काम ये बजरंगी राजस्थान व देशभर में कार्य करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीधे जनता के खातों में राशि डाल कर राहत दी है। कांग्रेस सरकार शिविरों में जनता को राहत के नाम पर बुला रही है, गरीब को गरीबी का अहसास कराने का काम कर रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ अपने अपने पदों पर नियुक्ति के बाद पहली बार गुरुवार को लालसोट पहुंचे। बगड़ी गांव में भाजपा नेता रामबिलाश मीना ने अगवाकी अगवानी की। सवाई माधोपुर रोड पर बृजमोहन मीना, सतपाल मीना एवं मंडी तिराहे पर भामाशाह प्रहलाद मीना की अगुवाई में स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष प्रभूदयाल शर्मा, हरकेश मटलाना, रवि हाडा, जगदीश सैनी, रामचरण बोहरा, रामजीलाल डोई,रुपसिंह सूरतपुरा, शंभूलाल कुई वाला, पुरुषोत्तम जोशी, गंगाधर सैनी, अनिल बैनाड़ा, चंद्रशेखर आदि थे।

Published on:
05 May 2023 01:18 pm
Also Read
View All