दौसा

Dausa News : सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

रामगढ़ पचवारा उपखंड के हेमलयावाला गांव निवासी 32 वर्षीय बंशीलाल पुत्र गोरीलाल मीणा की मध्यप्रदेश के इंदौर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत से पत्नी और चार मासूम बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
2 min read
Jun 24, 2026
dausa accident news
बंशीलाल। फोटो पत्रिका नेटवर्क

लालसोट(दौसा)। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। रामगढ़ पचवारा उपखंड के हेमलयावाला गांव निवासी 32 वर्षीय बंशीलाल पुत्र गोरीलाल मीणा की मध्यप्रदेश के इंदौर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत से पत्नी और चार मासूम बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के अनुसार बंशीलाल परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वे अपनी पिकअप गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह इस बार भी वे सवाई माधोपुर से सब्जियां लेकर इंदौर गए थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनका आखिरी सफर साबित होगा। इंदौर के पास उनकी पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बंशीलाल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चीख-पुकार मच गई और चारों बेटियां अपने पिता को तलाशती रहीं। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पर अब आर्थिक संकट गहरा गया है। चार छोटी बच्चियों की परवरिश, शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि मासूम बेटियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

करंट हादसे में झुलसे मजदूर की मौत

उधर, मंडावर-महुवा रोड रेलवे स्टेशन पर विद्युतीकरण कार्य के दौरान हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आकर झुलसे मजदूर सलमान की उपचार के दौरान सातवें दिन मौत हो गई, जबकि घायल खेमराज का इलाज जारी है। मृतक के साथी मजदूर व पारिवारिक भाई हारून पुत्र मोहम्मद खान ने ठेकेदार सुखराम के खिलाफ थाने में शिकायत देकर लापरवाही से कार्य कराने तथा हेलमेट, सेफ्टी शूज और सेफ्टी बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।

पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी रही। उल्लेखनीय है कि रेलवे के डबलिंग एवं विद्युतीकरण कार्य के तहत पोल लगाने के दौरान यह हादसा हुआ था। रेलवे ने यह ठेका जय मंगला प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया हुआ है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर संकट

मृतक सलमान अपने पिता अकबर का इकलौता बेटा था। करीब ढाई वर्ष पहले उसका निकाह हुआ था और उसकी 9 माह की बेटी है। हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है तथा मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।

Published on:
24 Jun 2026 04:59 pm