Bacha Chori News: बालिका अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक चौपहिया वाहन वहां पहुंचा। उसमें से उतरे कुछ लोगों ने बच्ची को उठाकर कार में बैठा लिया।
Bacha Chori News: बांदीकुई। राजस्थान के अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र के बिगोता गांव में घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय बालिका को कार सवार बदमाशों ने उठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी बच्ची को करीब 50 मीटर दूर छोड़कर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार बालिका अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक चौपहिया वाहन वहां पहुंचा। उसमें से उतरे कुछ लोगों ने बच्ची को उठाकर कार में बैठा लिया। पास ही मौजूद लोगों ने घटना देख ली और शोर मचा दिया। इस पर घबराए आरोपी बच्ची को थोड़ी दूरी पर छोड़कर कार लेकर भाग निकले। ग्रामीणों ने भी उनका पीछा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी गुढ़ाकटला ने ग्राम पंचायत मुही की रई के पास सड़क पर जेसीबी लगाकर रास्ता रोक दिया। घिरता देख आरोपी कार को वापस घुमाकर बिगोता की ओर भागने लगे, लेकिन सामने से आ रहे ग्रामीणों को देखकर कार छोड़ पहाड़ी इलाके में फरार हो गए।
तेज गति से वाहन चलाने के दौरान कार के टायर भी फट गए। सूचना पर टहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। वाहन से बड़ी संख्या में नंबर प्लेट बरामद हुई हैं, जिनमें एक प्लेट पर ‘पुलिस’ भी लिखा मिला है।
थाना प्रभारी मुकेश मीणा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहाड़ी क्षेत्र में टायर फटने के कारण आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार में आग लगाने का भी प्रयास किया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।