दौसा

राजस्थान में छिपकर रह रहा था पंजाब फायरिंग का आरोपी, ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात गैंगस्टर जीशान अख्तर का गुर्गा

Gangster Chandu Sharma: राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने पंजाब के नकोदर में हुई फायरिंग और रंगदारी मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू को दौसा के बांदीकुई से दबोच लिया है।
2 min read
May 06, 2026
Chandraprakash Sharma
शातिर बदमाश चन्द्रप्रकाश शर्मा। फोटो: पत्रिका

Punjab Firing and Extortion Case: दौसा। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने पंजाब के नकोदर में हुई फायरिंग और रंगदारी मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू को दौसा के बांदीकुई से दबोच लिया है। एडीजी (एजीटीएफ) दिनेश एम.एन. ने बताया कि आरोपी करीब एक महीने से राजस्थान के विभिन्न जिलों में पहचान बदलकर छिप रहा था। आरोपी को पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

वारदात 18 जनवरी 2026 की है, जब पंजाब के नकोदर में 'बक्शी ट्रेवल्स' के मालिक से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी से इनकार करने पर बदमाशों ने उसके कार्यालय पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। इस मामले में पंजाब पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही पकड़ चुकी थी। गत 3 फरवरी को नाकाबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में इसके दो साथी घायल हुए थे, लेकिन चंद्रप्रकाश वहां से भाग निकलने में सफल रहा था।

एक महीने की निगरानी के बाद बिछाया जाल

एजीटीएफ टीम ने करीब एक महीने तक आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। तकनीकी व खुफिया इनपुट के आधार पर जाल बिछाकर बांदीकुई से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू शर्मा के रूप में हुई है, दौसा जिले के बांदीकुई का रहने वाला है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ के नेतृत्व में की गई।

जयपुर-दौसा को बनाया ठिकाना

फरारी के दौरान आरोपी जयपुर, लालसोट और पाराशर धाम जैसे इलाकों में लगातार ठिकाने बदलता रहा। एजीटीएफ पिछले एक महीने से उसके नेटवर्क की निगरानी कर रही थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।

विदेश से जुड़ा है नेटवर्क

जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि बांदीकुई निवासी चंद्रप्रकाश, विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर जीशान अख्तर के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। जीशान विदेश से ही अपना सिंडिकेट चला रहा है और भारत में व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और फायरिंग करने जैसी वारदात को अंजाम दिला रहा है।

आरोपी को पंजाब पुलिस को सौंपा

पुलिस के अनुसार विदेश में बैठे गैंगस्टर जीशान अख्तर के गिरोह से जुड़े आरोपी चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू शर्मा को पंजाब पुलिस को सौंप दिया है। उससे गैंग के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों को लेकर अहम खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल, पंजाब पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।

Published on:
06 May 2026 08:55 am