दौसा

Weather Update: दौसा में लगातार दूसरे दिन बारिश, ट्रांसफार्मर पर गिरी आकाशीय बिजली; कई जगह ओलावृष्टि

Dausa Rain Alert: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते दौसा जिले स​हित प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को बारिश हुई।

2 min read
Mar 20, 2026

दौसा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते दौसा जिले स​हित प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को बारिश हुई। वहीं, जिले के बांदीकुई क्षेत्र में सुबह बारिश के बीच बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया। इससे पहले गुरुवार को जिले में कई जगह ओलावृष्टि हुई थी।

दौसा शहर में अलसुबह बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 30 मिनट तक जारी रहा। इसके अलावा बांदीकुई में भी सुबह करीब 7 बजे मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ है।

ये भी पढ़ें

FASTag Annual Pass: राजस्थान में रसोई गैस के बाद हाईवे पर सफर होगा महंगा, 1 अप्रेल से लागू होंगी नई दरें

बांदीकुई के बच्छी का बास क्षेत्र में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया। जिसके चलते सिकंदर रोड व मुख्य बाजार में गुल हो गई। बिजली कर्मियों ने करीब 2 घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली सप्लाई सुचारू करवाई।

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

बेमौसम बारिश के चलते किसानों की खेत में कटी फसल भीग गई। वहीं, खेत में खड़ी गेहूं की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम के बदले मिजाज के चलते जिलेभर में किसान काफी चिंतित है। किसानों का कहना है कि अगर बरसात नहीं रुकी तो सरसों और गेहूं की फसल को काफी नुकसान होगा।

बारिश से फसलों को नुकसान, 72 घंटे में करें बीमा क्लेम की सूचना

सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) अशोक कुमार मीना ने बताया कि जिन किसानों की फसल बीमित है, वे नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर भारत सरकार के कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447, क्रॉप इंश्योरेंस एप या लिखित रूप से बैंक, कृषि विभाग या जिला अधिकारियों को दें। सूचना के बाद जांच कमेटी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और नियमानुसार क्लेम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गढ़हिम्मत सिंह, उकरूंद में बारिश के साथ ओलावृष्टि

इससे पहले गुरुवार को मंडावर क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों पर दोहरी मार डाली। गढ़ हिम्मत सिंह और उकरूंद गांव में दोपहर बाद तेज हवाओं व बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे गेहूं, जौ और चने की फसल खेतों में आड़ी पड़ गई। कटी हुई फसल और पशुओं का चारा भी भीगने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार शाम से बदले मौसम के चलते किसान पहले ही सतर्क थे और गुरुवार को फसल समेटने व कटाई में जुटे थे, लेकिन अचानक आई बारिश और ओलों ने हालात बिगाड़ दिए।

किसान खुशीराम मीणा उकरूंद ने बताया कि चने और बेर के आकार के ओले गिरने से कटाई और समेटी जा रही फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। देर शाम तक बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना हो गया और हाल के दिनों की गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मौसम बदला, अंधड़-बूंदाबांदी से बढ़ी किसानों की चिंता

सिकराय क्षेत्र में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। अचानक आए बदलाव के चलते तेज अंधड़ के साथ कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है और कई स्थानों पर कटाई का काम शुरू हो चुका है।

किसानों का कहना है कि इस समय बारिश होने पर तैयार फसल को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। तेज हवाओं और हल्की बारिश की आशंका के बीच अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान में हाईवे किनारे 75 मीटर तक नए निर्माण पर रहेगी रोक, नई गाइडलाइन से निवेशकों की बढ़ी चिंता

Also Read
View All

अगली खबर