दौसा

सालगिरह पर दंपती का शव पहुंचते ही मचा कोहराम, एक ही चिता पर हुआ दाह संस्कार, मासूम के सिर से उठा माता-पिता का साया

Road Accident : आगर- मालवा जिले के सुसनेर और सोयत के बीच इंदौर कोटा नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में मृत दंपती का शव मंगलवार को बसवा घर में पहुंचते ही कोहराम मच गया।
2 min read
May 08, 2024
Feature image

दौसा. आगर- मालवा जिले के सुसनेर और सोयत के बीच इंदौर कोटा नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में मृत दंपती का शव मंगलवार को बसवा घर में पहुंचते ही कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार रूपनारायण (45) पुत्र रामदयाल शर्मा निवासी छिपी मोहल्ला बसवा ट्रक चलाता था। करीब सात वर्ष पूर्व लेकु (केली) मध्यप्रदेश से उसका विवाह हुआ था। रूपनारायण के एक बेटा मारुति (06) व एक बेटी शिवांगी (05) है। रूपनारायण सहित चार भाई थे। सभी भाई मेहनत मजदूरी करके अपने घर का खर्चा चला रहे थे।

रविवार को सभी रिश्तेदारों के साथ रूपनारायण ने अपनी शादी की सातवीं सालगिरह मनाई। घर में खुशी का माहौल छा रहा था। एमपी निवासी चाची ससुर (मुकेश) करीब 10 दिन से अस्पताल में आईसीयू वार्ड में भर्ती थे। जिनसे मिलने के लिए रूपनारायण अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ ट्रक लेकर रविवार शाम 7 बजे ससुराल जाने के लिए रवाना हो गया। सोमवार सुबह 7 बजे राजस्थान सीमा से 30 किलोमीटर आगे जाते ही ढोला खेड़ी के समीप पुलिया पर ट्रक व कंटेनर में जोरदार टक्कर हो गई । जिसमें चालक रामदयाल व उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी, सास, और मौसी सास गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने राजकीय अस्पताल सोयतकला में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने सभी को इंदौर रेफर कर दिया। बेटी की हालत ज्यादा खराब होने के कारण चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर लिया। दोनों पति-पत्नी का शव मंगलवार सुबह बसवा में पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। दोनों पति-पत्नी का एक ही चिता पर दाह संस्कार किया गया। एमपी के अस्पताल में भर्ती चाची ससुर की भी मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।

Updated on:
08 May 2024 09:43 am
Published on:
08 May 2024 09:37 am