
लालसोट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों व आम जन के साथ मौजूद सहायक मंडल संरक्षा प्रबंधक। (फोटो-पत्रिका)
लालसोट। दौसा-गंगापुरसिटी रेलखंड पर विद्युतीकरण के बाद इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। इससे अब इस मार्ग पर यात्री सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद भी मजबूत हुई है। खासकर गंगापुरसिटी से जयपुर के लिए सुबह नई यात्री ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे की ओर से भेजे जाने के बाद लालसोट सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना जयपुर आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने गंगापुरसिटी से जयपुर के बीच नई यात्री ट्रेन चलाने का प्रस्ताव पश्चिम मध्य रेलवे को भेजा है। रेलवे के मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन राम देवड़ा ने पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक को पत्र लिखकर प्रस्तावित ट्रेन की समय-सारिणी, रेक लिंक और अन्य परिचालन पहलुओं की जांच कराने का आग्रह किया है। हालांकि, ट्रेन का संचालन शुरू करने का अंतिम निर्णय संबंधित रेलवे अधिकारियों की स्वीकृति और परिचालन व्यवस्थाओं पर निर्भर करेगा।
वर्तमान में दौसा-गंगापुरसिटी रेलखंड पर अजमेर से गंगापुरसिटी के बीच सप्ताह में छह दिन चलने वाली एकमात्र डेमू यात्री ट्रेन संचालित हो रही है। सुबह जयपुर पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से उठ रही है। गंगापुरसिटी क्षेत्रीय विकास मंच के पदाधिकारी भी हाल ही में रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नई ट्रेन चलाने की मांग कर चुके हैं।
दौसा-गंगापुरसिटी रेलखंड पर विद्युतीकरण के बाद इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विजयादशमी पर विद्युतीकृत रेललाइन को चार्ज करने और लोको ट्रायल के करीब 24 घंटे बाद बुधवार दोपहर 3.28 बजे दौसा से गंगापुरसिटी की ओर जा रही इलेक्ट्रिक मालगाड़ी लालसोट रेलवे स्टेशन से गुजरी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों का संचालन जारी रहेगा।
लालसोट रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में यात्रियों और स्थानीय लोगों ने विद्युतीकरण के लिए रेलवे का आभार जताया। सहायक मंडल संरक्षा प्रबंधक आरएम वात्सने ने लोगों से संवाद किया। इस दौरान यात्रियों ने दौसा-गंगापुरसिटी रेलखंड पर अधिक यात्री ट्रेनें चलाने की मांग रखी। वात्सने ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए मार्ग पर यात्री गाड़ियों का संचालन बढ़ाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में स्टेशन मास्टर दिलीप मीना और पॉइंट्समैन रामजीवन मीना भी मौजूद रहे।
Updated on:
22 Oct 2026, 9:40 PM IST
Published on:
22 Oct 2026, 9:39 PM IST
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.