दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में 16 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय कुंभकर्णी नींद में सो रही है। वहीं, पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दौसा एसपी कुंदन कांवरिया के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।