
Dausa: वाहन के साथ गिरफ्तार आरोपी (फोटो-पत्रिका)
दौसा। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दौसा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भांडारेज के पास पुलिस ने 293.5 ग्राम स्मैक जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की कार को जब्त करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, स्मैक की खेप लेने पहुंचे सिकंदरा क्षेत्र के तीन संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
यह कार्रवाई जयपुर रेंज पुलिस के ऑपरेशन ‘एंटी वेनम’ के तहत की गई। महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के निर्देशन, आईपीएस नितिन चौधरी के पर्यवेक्षण और दौसा पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के मार्गदर्शन में जयपुर रेंज साइबर सेल, दौसा डीएसटी और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इसे अंजाम दिया। पुलिस ने इस संबंध में सदर थाना दौसा में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर रेंज साइबर सेल को सूचना मिली थी कि कोटा निवासी अहसान और शोएल अली स्मैक की खेप लेकर दौसा के भांडारेज पुलिया के पास पहुंचने वाले हैं। यहां उनकी मुलाकात सिकंदरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मण सैनी, केदार सैनी और दिनेश सैनी से होनी थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। पुलिस की गतिविधियों का पता चलते ही तीनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अहसान पुत्र अंसार अली (30), शोएल अली पुत्र शाहिद अली (32), शाहनवाज खान पुत्र जाकिर खान (29), मुकीम पुत्र उमर मोहम्मद (29), शाहरुख पुत्र शाकिर हुसैन (31) और मोहम्मद शोयल उर्फ बल्लू पुत्र शरीफ खान (29) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 293.5 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क के राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों तक जुड़े होने की आशंका है। जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मादक पदार्थों की आपूर्ति के संभावित कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। पुलिस खरीद-फरोख्त, वित्तीय लेनदेन और खेप की डिलीवरी से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अहसान के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 का बूंदी कोतवाली, वर्ष 2025 का कोटा के किशोरपुरा और वर्ष 2026 का दौसा के बांदीकुई का प्रकरण शामिल बताया गया है। उसकी पत्नी शिवानी कंवर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मामले में बसवा थानाधिकारी नरेश शर्मा को जांच अधिकारी बनाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
Updated on:
18 Oct 2026 05:20 pm
Published on:
18 Oct 2026 05:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
