देहरादून

अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी बोलीं…मेरे गांव की सड़क बनवा दो सरकार, समस्याएं गिनाईं

Pravasi Uttarakhandi Conference:फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने दून विवि में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में अपने पैतृक गांव में सड़क बनवाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कामकाज के चलते उनके गांव के अधिकांश पुरुष बाहर रहते हैं। गांव में केवल महिलाएं हैं। गांव में सड़क खस्ताहाल होने के कारण लोगों को तमाम परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। इस सम्मेलन में राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने भी भाग लिया।

2 min read
Nov 06, 2025
फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी। फोटो सोर्स एआई

Pravasi Uttarakhandi Conference:फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने अपने गांव की खस्ताहाल हो चुकी सड़क को बनाने की मांग उठाई। बता दें कि उत्तराखंड राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ को लेकर यहां पर रजत जयंती समारोह मनाया जा रहा है। बुधवार को दून विवि में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदाओं में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप एक मिनट का मौन भी रखा गया। सीएम ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। प्रवासी उत्तराखंडी देवभूमि के सच्चे ब्रांड एम्बेसडर हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट लोक संस्कृति, भाषा और बोली में झलकने वाली आत्मीयता हमें विश्वभर में जोड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी जहां भी रहते हैं, अपने साथ देवभूमि की संस्कृति और अपनी मिट्टी की सुगंध लेकर चलते हैं। राज्य सरकार ने प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन इसी उद्देश्य से किया है ताकि उनके सुझाव और अनुभव राज्य के विकास की मुख्यधारा में शामिल किए जा सकें। इस कार्यक्रम में देश भर से प्रवासी उत्तराखंडी पहुंचे हुए थे। उनमें फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित तमाम हस्तियां शामिल रहीं।

धंस गई है सड़क

दून विवि में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने अपने पैतृक गांव भटवाड़ी (रुद्रप्रयाग) के विकास की बात कही। उन्होंने बताया कि भटवाड़ी में अधिकांश पुरुष कामकाज के चलते बाहर रहते हैं। गांव में केवल महिलाएं ही हैं। महिला समूहों के साथ मिलकर ये खेती जैसे कुछ काम करवा रही हैं। लेकिन इस गांव तक जाने वाली सड़क धंस गई। इसे अस्थायी रूप से खोला है, लेकिन सरकार से आग्रह है कि इसका स्थायी समाधान किया जाए।

राजस्थान के मुख्य सचिव भी पहुंचे

फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में कहा कि फिल्मों सहित कई माध्यमों से लोक कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे सलमान या शाहरुख खान जैसी हस्ती तो नहीं, लेकिन जो संभव होगा, वह उसे अपने स्तर पर अवश्य करेंगी। उनके प्रयास से उत्तराखंड को जो लाभ मिलेगा. वह उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन मिट्टी की महक, संस्कृति की आत्मा और अपनत्व का उत्सव है। पंत ने चिंता जताई कि सरकारी योजना के बावजूद अब तक 20 गांव ही गोद लिए गए हैं। उन्होंने प्रवासियों से आग्रह किया कि वे इस योजना में सक्रिय भागीदारी दें। साथ ही, उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को राजस्थान में उनके सहयोग से बने प्रवासी भवन के उद्‌घाटन का न्यौता भी दिया।

Published on:
06 Nov 2025 08:54 am
Also Read
View All

अगली खबर