देहरादून

धर्मांतरण का प्रयास ‘तुझे रानी बनाकर रखेंगे’, ऑनलाइन भेजते थे पैसे, इंस्टाग्राम के जरिए युवती का किया जा रहा था ब्रेनवॉश

Dehradun News: उत्तराखंड के रानीपोखरी क्षेत्र की युवती को इंस्टाग्राम के जरिए जाल में फंसाया गया, धर्मांतरण का दबाव बनाने के साथ-साथ खाते में भेजे गए हजारों रुपये। पुलिस कर रही जांच।
2 min read
Jul 21, 2025
UP news

Girl was being brainwashed through Instagram in Dehradun: उत्तराखंड के रानीपोखरी क्षेत्र से सामने आया धर्मांतरण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। एक युवती ने पुलिस को बताया है कि कुछ युवक और युवतियां सोशल मीडिया के जरिए उसे निशाना बना रहे थे। उसे उसके वर्तमान धर्म के खिलाफ भड़काया जा रहा था और कहा जा रहा था कि अगर वह उनका धर्म अपना लेती है, तो उसे रानी जैसा जीवन मिलेगा, भरपूर आज़ादी और पैसों की कोई कमी नहीं होगी।

युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे संपर्क साधा और धीरे-धीरे उसे अपने धर्म की खूबियां बताकर मानसिक रूप से प्रभावित करना शुरू कर दिया। कहा गया कि उनके धर्म में लड़कियों को बहुत सम्मान और आजादी दी जाती है, और अगर वह इस्लाम धर्म अपनाती है तो उसे किसी भी चीज की कमी नहीं होगी। उसे यह भी समझाया गया कि उसके पास सबकुछ होगा पैसे, आजादी और रानी जैसा जीवन।

ऑनलाइन भेजते थे पैसे

आरोपी केवल बातें ही नहीं कर रहे थे, बल्कि युवती को बार-बार आर्थिक मदद भी दी जा रही थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने युवती के खाते में यूपीआई (UPI) के जरिए अलग-अलग बार रुपये ट्रांसफर किए। कभी 500 रुपये, कभी 1000 रुपये और अधिकतम 3000 रुपये तक की राशि भेजी गई। यह सब तब हो रहा था जब युवती को किसी आर्थिक मदद की आवश्यकता नहीं थी।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अब तक युवती के खाते में कुल कितनी राशि भेजी गई है और इन लेनदेन के पीछे किन-किन खातों का इस्तेमाल किया गया।

श्वेता नाम की युवती भी शामिल, खुद कर चुकी है धर्म परिवर्तन

युवती ने अपने बयान में बताया कि गोवा की रहने वाली एक युवती श्वेता भी लगातार उससे संपर्क में थी। श्वेता ने खुद पहले धर्म परिवर्तन किया है और अब वह दूसरी युवतियों को भी इस ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है। श्वेता, इंस्टाग्राम पर युवती से लगातार संपर्क में थी और पुराने धर्म की बुराइयां कर उसे मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए कहती थी।

युवती का कहना है कि श्वेता उसे समझाती थी कि मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद उसकी सभी परेशानियां खत्म हो जाएंगी, और वह बहुत खुशहाल जीवन जिएगी। श्वेता के साथ बातचीत के बाद ही उसका मन किसी भी काम में नहीं लग रहा था और वह मानसिक रूप से विचलित होने लगी थी।

पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में की पूछताछ

रानीपोखरी थाने की पुलिस ने युवती से उसके परिजनों की मौजूदगी में पूछताछ की। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। युवती ने बताया कि आरोपी न सिर्फ उसे बहलाने-फुसलाने की कोशिश कर रहे थे, बल्कि कई बार उससे मुलाकात करने का प्रयास भी किया गया। हालांकि युवती किसी से प्रत्यक्ष रूप से नहीं मिली, यह सारा मामला अभी तक ऑनलाइन ही चलता रहा।

पुलिस जांच में जुटी, साइबर सेल को दिए निर्देश

एसएसपी अजय सिंह ने कहा है कि यह मामला अत्यंत गंभीर है। युवती को आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्मांतरण की ओर ले जाने का प्रयास किया गया है। फिलहाल पुलिस उन सभी खातों की जांच कर रही है जिनके माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी पड़ताल की जा रही है।

साइबर सेल को पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने यह भी बताया कि ऑनलाइन माध्यम से धर्मांतरण का यह पहला मामला नहीं है और पुलिस ऐसे मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Updated on:
21 Jul 2025 05:42 pm
Published on:
21 Jul 2025 05:42 pm
Also Read
View All
Rudraprayag News: भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे बंद; बचाव कार्य जारी, चारधाम यात्रा स्थगित

बारिश से बदले हालात: स्कूलों में अवकाश घोषित; चारधाम यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, उत्तराखंड के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट

‘विज्ञान और नवाचार से समृद्ध बनेगा उत्तराखंड’, CM धामी बोले- स्कूली बच्चों को कराया जाए निर्माणाधीन साइंस सिटी का भ्रमण

लेखकों से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बोले- समाज को दिशा देने में साहित्यकारों की अहम भूमिका

Kargil Vijay Diwas: CM पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ाकर की 2 करोड़