
Haridwar Kanwar Yatra Accident: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चंडीगढ़ के चार कांवड़ यात्री डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम जटवाड़ा पुल के पास कुछ कांवड़ यात्री गंगनहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ के चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों ने गंगनहर में काफी देर तक तलाश की, जिसके बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने सभी युवकों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि सभी युवक कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार आए थे और चंडीगढ़ के रहने वाले थे।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवांशु पुत्र पवन सिंह (16), नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश और रोहित पुत्र भवानी प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवांशु, नीतेश और भरत चंडीगढ़ के सेक्टर-16/30 के रहने वाले थे, जबकि रोहित चंडीगढ़ के सेक्टर-26 का निवासी था।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर काम किया। जल पुलिस की टीम में अभियान प्रभारी एएसआई अतुल सिंह, हेड कांस्टेबल नरेंद्र नेगी, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह रावत, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह, गोताखोर जानू पाल, मनोज बहुखंडी, चिराग अरोड़ा और वाहन चालक मनमोहन सिंह नेगी शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों को सूचना दे दी गई है।