देहरादून

केदारनाथ में सुरक्षा का कड़ा पहरा: डीएम-एसपी ने खुद संभाली कमान, 2 दिनों में 63 हजार श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

Kedarnath Yatra: केदारनाथ धाम में डीएम और एसपी ने सुरक्षा का लिया जायजा। दो दिन में 63 हजार भक्तों ने किए दर्शन। एटीएस और एनडीआरएफ अलर्ट पर।

2 min read
Apr 25, 2026
केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम-एसपी।PC: X/@DmRudraprayag

उत्‍तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यात्रा अपने पूरे शबाब पर है। बाबा के दर्शनों के लिए देश-दुनिया से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने खुद मोर्चा संभालते हुए केदारपुरी के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड का औचक निरीक्षण कर हेली सेवाओं, यात्रियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान प्रशासन ने साफ कर दिया कि आस्था के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों की अब खैर नहीं होगी।

ये भी पढ़ें

चारधाम यात्रा पर फेक न्यूज फैलाने वालों की खैर नहीं, भ्रामक वीडियो पर गिरी गाज, साजिश बेनकाब

यात्रियों ने व्यवस्‍था पर संतोष जताया

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए बताया कि धाम में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं। साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, एटीएस और बीडीएस की टीमें लगातार अलर्ट मोड में रहकर निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर फीडबैक लिया, जिस पर यात्रियों ने संतोष जताया।

इस बीच मंदिर परिसर में एक फर्जी दानपात्र मिलने पर उसे बीकेटीसी के माध्यम से तत्काल जब्त कराया गया, जिससे प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि आस्था के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सके।

श्रद्धालुओं से मिले सुझावों पर हो रहा काम

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हेलीपैड पर निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था देखी गई। महिला पुलिस बलों को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बात की गई। श्रद्धालुओं की ओर से मिले सुझावों को हम लागू कर रहे हैं।

रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 22 अप्रैल सुबह 8 बजे श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुले थे। समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। दूसरे दिन भी 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। पुलिस-प्रशासन की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

Updated on:
25 Apr 2026 01:46 am
Published on:
25 Apr 2026 01:31 am
Also Read
View All