Pahalgam Terror Attack:पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की कवायद शुरू हो चुकी है। देहरादून में हिंदुस्तानी मां के पाकिस्तानी बच्चे इसे लेकर असमंजस में पड़े हुए थे। अब प्रशासन ने पाकिस्तानी बच्चों को हिंदुस्तानी मां के साथ देहरादून में रहने की अनुमति दे दी है।
Pahalgam Terror Attack:पहलगाम में आतंकियों ने बेकसूर और निहत्थे सैलानियों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी थी। इस घटना के पीछे पड़ोसी आतंकी देश पाकिस्तान का हाथ है। घटना के बाद दोनों देशों के बीच विवाद गहरा गया है। जहां एक ओर भारत सरकार ने सिंधु नदी का पानी रोकने की पहल की है, वहीं बॉर्डर भी सील कर दिए हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इधर, उत्तराखंड के देहरादून में भी 217 पाकिस्तानी हैं। इनमें से 210 लोग पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी हैं, जबकि पांच लोग पाकिस्तानी मुस्लिम हैं। कल ही एक पाकिस्तानी दंपती को अतिशीघ्र देहरादून छोड़ने के निर्देश जारी किए गए। पाकिस्तानी दंपती शाम देहरादून से सहारनपुर को रवाना हो गया था। सहारनपुर से दंपती ट्रेन के जरिये दिल्ली होते हुए पाकिस्तान भेजा जाएगा। देहरादून में एक हिंदुस्तानी महिला भी रह रही है, जिसने पाकिस्तानी नागरिक से निकाह किया था। उसके दो बच्चे भी हैं। प्रशासन ने हिंदुस्तानी महिला और उसके पाकिस्तानी बच्चों को देहरादून में रहने की छूट प्रदान कर दी है।
देहरादून में रह रही उस महिला की शादी पाकिस्तान में हुई थी। शादी के बाद उसके दोनों बच्चों का जन्म पाकिस्तान में ही हुआ था। इसी के चलते उन्हें पाकिस्तान की नागरिकता मिल गई थी। उसके बाद उस महिला का पाकिस्तानी पति से तलाक हो गया था। तलाक के बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर देहरादून के सहसपुर आ गई थी। अब पाकिस्तानी नागरिकों की तलाश के दौरान प्रशासन के सामने ये मामला आया। प्रशासन ने दोनों बच्चों को मां के साथ देहरादून में ही रहने की छूट प्रदान कर दी है।