देहरादून

जिस भाई की कलाई पर बहनें बांधने वाली थीं राखी, उसी भाई ने छीन ली दोनों की जिंदगी

Roorkee Double Murder Case: रक्षाबंधन से पहले रुड़की में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात हुई। एक भाई ने अपनी 2 सगी बहनों को गोली मार दी, जिसके बाद मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस आरोपी भाई की तलाश कर रही है...
2 min read
Aug 26, 2026
Roorkee Double Murder, Haridwar News, Uttarakhand Police, Crime News
रुड़की में भाई ने दो सगी बहनों को मारी गोली (फोटो- पत्रिका)

Uttarakhand Double Murder: रक्षाबंधन का त्योहार आने में बस कुछ ही दिन बचे हैं और इस बीच उत्तराखंड से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना में एक बहन का पति भी गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

पहले ई-रिक्शा में लौट रही बड़ी बहन को मारी गोली

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान संगीता (50) और पुष्पा (42) के रूप में हुई है। आरोपी विक्की मंगलवार शाम अपने एक दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटकर रुड़की पहुंचा था। पहली वारदात रात करीब 8 बजे गणेशपुर सेक्टर रोड पर हुई। बड़ी बहन संगीता ई रिक्शा में सवार होकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे विक्की ने ई रिक्शा के धीमा होते ही संगीता पर लगातार दो गोलियां चला दीं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से पैदल ही फरार हो गया।

15 मिनट बाद छोटी बहन को घर में घुसकर मारा

बड़ी बहन की हत्या करने के बाद आरोपी करीब डेढ़ किलोमीटर दूर आजाद नगर (सुभाष नगर) पहुंचा। उसने अपनी छोटी बहन पुष्पा का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला विक्की ने उस पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और पुष्पा वहीं ढेर हो गई। इसके बाद आरोपी घर के अंदर घुसा और वहां मौजूद पुष्पा के पति संदीप पर भी गोली चला दी। कंधे में गोली लगने से संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर जब पड़ोसी दौड़े तो आरोपी वहां से भाग निकला।

SSC कोचिंग चलाता था आरोपी

पुलिस जांच में पता चला है कि 28 वर्षीय आरोपी विक्की मालवीय चौक क्षेत्र में SSC की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर चलाता था। वह पहले भी पेपर लीक और नकल के मामले में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस के अनुसार बड़ी बहन संगीता अपने पहले पति से अलग होकर मायके में रह रही थी जबकि छोटी बहन पुष्पा ने भी पति से अलग होने के बाद संदीप से दूसरी शादी कर ली थी। बहनों के इस व्यवहार और निजी जिंदगी को लेकर विक्की बेहद नाराज रहता था और उन पर चारित्रिक संदेह करता था। इसी शक के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

तमंचा और कारतूस बरामद पिता भी हिरासत में

मृतका संगीता के बेटे अर्जुन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा सात खाली कारतूस और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पिता और दो अन्य रिश्तेदारों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी।