देहरादून

UP के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की एम्स में मौत, बाइक सवार शूटरों ने गोलियों से किया था छलनी

Crime News : जुर्म और दहशत की दुनिया के बेताज बादशाह कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की उपचार के दौरान एम्स में मौत हो गई है। बीते दिनों कोर्ट में पेशी के दौरान बाइक सवार शूटरों ने पुलिस अभिरक्षा में ही उसे गोलियों से छलनी कर दिया था। तब से उसका उपचार चल रहा था। आज उसने दम तोड़ दिया है।
2 min read
Dec 27, 2025
Vinay Tyagi, a notorious criminal from Uttar Pradesh, has died at AIIMS Rishikesh in Uttarakhand.
यूपी के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत हो गई है

Crime News : यूपी के मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की उपचार के दौरान उत्तराखंड के ऋषिकेश एम्स में मौत हो गई है। बता दें कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे उत्तराखंड पुलिस विनय त्यागी को लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए अभिरक्षा में ला रही थी। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर ओवर ब्रिज के पास बाइक सवार दो शूटरों ने पुलिस वाहन में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोलियों ने विनय त्यागी के शरीर को छलनी कर दिया था। गोलीबार में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए थे। तत्काल विनय त्योगी को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया था। तब से विनय का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान विनय त्यागी की मौत हो गई है। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की पुष्टि की है। जुर्म और दहशत के खौफनाक अंत से हर कोई हैरान है।

सीने और गले में भी लगी थी गोलियां

कुख्यात विनय त्यागी की उपचार के दौरान आज मौत हो गई है। उसका ट्रॉमा सेंटर मे उपचार चल रहा था। अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी पर जाते समय बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर फायरिंग की थी। विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोलियां लगी थी। रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी। कारागार से चालक सहित छह पुलिसकर्मी सरकारी वाहन में उसे पेशी के लिए कोर्ट ले जा रहे थे। वह फ्लाई ओवर के मध्य बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोलियों से छलनी कर दिया था।

लेन-देन विवाद में हत्या

विनय त्यागी को गोलियों से भूनने वाले दोनों शूटरों को घटना के दूसरे ही दिन पुलिस ने खानपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया था। गैंगवार की आशंका को देखते हुए दोनों को हरिद्वार जेल शिफ्ट कर दिया गया था। तब से हरिद्वार जेल की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा निवासी गुलजारपुर थाना काशीपुर ने पैसों के लेनदेन के विवाद में साथी अजय निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाई थी। सन्नी और अजय का आपराधिक इतिहास रहा है। वे काशीपुर में डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं। सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद है। सन्नी के रकम मांगने पर विनय त्यागी उसकी हत्या करवाने की धमकी दे रहा था। इसी से भड़के सन्नी ने विनय की हत्या की साजिश रची थी।

Updated on:
27 Dec 2025 11:03 am
Published on:
27 Dec 2025 11:03 am