7 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर वाले यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने बताया कि उन्होंने परिवार के विरोध के बावजूद रितिका चौहान से शादी की थी।
YouTuber Anurag Doval News: देहरादून के मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल, जिन्हें UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से सुर्खियों में हैं। उनके लेटेस्ट वीडियो ने लोगों को बहुत परेशान कर दिया है। अनुराग के यूट्यूब चैनल पर करीब 7 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। उन्होंने हाल ही में एक इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी शादी, परिवार के झगड़ों और पत्नी के छोड़कर जाने की पूरी कहानी बताई।
अनुराग बताते हैं कि रितिका चौहान पहले उनकी फैन थीं। सोशल मीडिया पर रितिका उन्हें मैसेज करती थीं। 2021 से पहले से दोनों एक-दूसरे को जानते थे। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और यह प्यार में बदल गई। दोनों ने चार साल तक रिलेशनशिप में रहे। अनुराग कहते हैं कि रितिका बहुत अच्छी लगती थीं और वे सोचते थे कि वे पूरी जिंदगी साथ रहेंगे।
यह रिश्ता आसान नहीं था क्योंकि यह इंटरकास्ट मैरिज थी। अनुराग ब्राह्मण परिवार से हैं, जबकि रितिका राजपूत परिवार से। घरवालों को यह बात पसंद नहीं आई। लंबे समय तक घर में कलह और झगड़े चलते रहे। अनुराग ने बताया कि परिवार ने उन्हें बहुत समझाया, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़े रहे। उन्होंने परिवार से लड़ाई की और शादी का फैसला किया।
आखिरकार 2025 में दोनों की शादी हो गई। अनुराग को लगा कि अब सब ठीक हो जाएगा। परिवार भी रिश्ते को स्वीकार कर लेगा। शादी के बाद उन्होंने खुशी-खुशी जिंदगी शुरू की। लेकिन घर में झगड़े कम नहीं हुए। हालात इतने बिगड़ गए कि परिवार ने उन्हें घर से निकालने तक की बात कही।
अनुराग और रितिका ने घर छोड़कर मनाली में नई शुरुआत करने का फैसला किया। वहां वे खुश रहने की कोशिश करते रहे। लेकिन आर्थिक हालत बहुत खराब हो गई। अनुराग को अपनी सारी बाइक्स और थार जैसी गाड़ी भी बेचनी पड़ी। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। सितंबर 2025 में उन्होंने खुशखबरी दी कि वे माता-पिता बनने वाले हैं। अनुराग कहते हैं कि यह उनकी जिंदगी का सबसे खुशी का पल था। उन्हें लगा कि अब सब कुछ अच्छा होगा।
लेकिन कुछ महीनों बाद हालात और बिगड़ गए। अनुराग के मुताबिक रितिका मनाली छोड़कर अपने घर चली गईं। जिस इंसान के लिए उन्होंने परिवार से इतनी लड़ाई लड़ी, वही अब उनके साथ नहीं रही। अनुराग वीडियो में रोते हुए कहते हैं कि अब न परिवार साथ है, न पत्नी। वे खुद को बहुत अकेला महसूस करते हैं। उन्होंने बहुत कुछ दांव पर लगाया था, लेकिन सब कुछ खत्म हो गया।
वीडियो के आखिर में अनुराग कहते हैं कि अब उनकी सबसे बड़ी उम्मीद उनका आने वाला बच्चा है। जो कुछ भी उनके पास बचा है, वे उसे बच्चे के भविष्य के लिए लगाना चाहते हैं। इस वीडियो में उन्होंने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि वे उनकी जिंदगी की मुश्किलों के जिम्मेदार हैं।