
Youtuber Aashu UK Rider Death: सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग का रोमांच युवाओं को तेजी से अपनी ओर खींच रहा है, लेकिन जरा सी चूक जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा उत्तराखंड के देहरादून में सहसपुर इलाके के पास हुआ जहां मशहूर यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु 'UK Rider' की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। महज 25 साल के आशु ने एक दिन पहले ही 22 लाख रुपये की नई सुपरबाइक खरीदी थी जिसकी डिलीवरी लेकर लौटते समय यह जानलेवा हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान के रहने वाले यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु ने गुरुवार को ही कावासाकी निंजा जेडएक्स-10आर (Kawasaki Ninja ZX-10R) सुपरबाइक खरीदी थी। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह इसी नई बाइक से देहरादून से पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे। रास्ते में बल्लमपुर पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशु का हेलमेट छिटककर दूर जा गिरा और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि उनका चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी और फिर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल इस एंगल से भी जांच कर रही है और फरार वाहन व चालक का पता लगाने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।
आस मोहम्मद सोशल मीडिया की दुनिया में यूके राइडर के नाम से काफी मशहूर थे। वह अक्सर महंगी और स्पोर्ट्स बाइकों पर राइडिंग के वीडियो और व्लॉग बनाते थे जिन्हें लाखों लोग पसंद करते थे। युवाओं के बीच उनका गजब का क्रेज था और सोशल मीडिया पर उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। बाइक राइडिंग के वीडियो बनाने के अलावा आशु कपड़ों का एक शो रूम भी चलाते थे। इतनी कम उम्र में उनके चले जाने से उनके चाहने वाले और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। अगर किसी अज्ञात वाहन से टक्कर की बात सही साबित होती है तो उस फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ या किसी वाहन की टक्कर से।