
Deoria news; देवरिया में अपराध समीक्षा बैठक के दौरान SP देवरिया अभिजित आर. शंकर ने बढ़ते अपराध वाले थानों के प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सीधे लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि छोटी या बड़ी किसी भी घटना में पुलिस सिर्फ कागजी खानापूर्ति न करे, केस का निस्तारण कर वर्क आउट किया जाए और आरोपियों की गिरफ्तारी कर पीड़ितों को न्याय दिया जाए। इन मामलों में लापरवाही सामने आने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार रात हुई अपराध समीक्षा गोष्ठी में SP काफी सख्त लहजे में दिखे उन्होंने पशु और शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। बिहार सीमा से सटे थानों के प्रभारियों को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र से पशु तस्करी की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। शराब तस्करों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सावन माह को देखते हुए सभी शिवालयों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर जोर दिया गया। शांति भंग करने वालों के खिलाफ भी सख्ती के निर्देश दिए गए।
SP ने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर आरोप पत्र न्यायालय भेजने के निर्देश दिए। आईजीआरएस, जनसुनवाई और थानों पर आने वाले प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण करने को कहा गया। अपराध नियंत्रण के लिए रात में गश्त और वाहन चेकिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के सत्यापन के लिए यक्ष एप का नियमित उपयोग करने को कहा गया। साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साई-वज्र के तहत कार्रवाई तेज करने और ठगी के मामलों में होल्ड या फ्रीज कराई गई धनराशि को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों को वापस कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।