देवरिया पुलिस ऑफिस में कार्यरत दो लोगों पर नौकरी दिलाने के नाम पर पूर्व आर्मी मैन ने 15 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। SP के आदेश पर पुलिस कार्यालय के स्टेनो व आरक्षी समेत तीन पर FIR दर्ज।
देवरिया में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर पुलिस कार्यालय में तैनात एक स्टेनो, एक आरक्षी और उसकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार महुआडीह थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर दूबे, पोस्ट बेलवा बाजार निवासी प्रशांत कुमार द्विवेदी, जो वर्ष 2019 में आर्मी से सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पहचान पुलिस कार्यालय देवरिया में तैनात स्टेनो अफजल खां और आरक्षी दीपक सिंह से थी। आरोप है कि दोनों ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 15 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि विश्वास में आकर उन्होंने अपना घर गिरवी रखकर 3 दिसंबर 2024 को आरटीजीएस के माध्यम से 5 लाख और 10 लाख रुपये आरक्षी दीपक सिंह की पत्नी साक्षी सिंह के बैंक खाते में भेज दिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी आरोपियों ने नौकरी नहीं दिलाई। जब पीड़ित ने बार-बार पैसा वापस मांगना शुरू किया तो आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया और उल्टा मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, बाद में साक्षी सिंह ने 29 अक्टूबर 2025 को एक लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण चेक कैश नहीं हो सका। पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब वह अपनी पत्नी के साथ पैसा मांगने दीपक सिंह के घर पहुंचे तो वहां मौजूद दीपक सिंह, उनकी पत्नी साक्षी सिंह और स्टेनो अफजल खां ने उन्हें गाली देते हुए पैसा देने से इनकार कर दिया।
पीड़ित ने इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की उसके बाद देवरिया सदर कोतवाली थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया औऱ पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुट गई।