देवरिया

देवरिया कांड: आधी रात को सील किया गया बालिका संरक्षण गृह, आज रिपोर्ट सौंपेगी जांच टीम

देवरिया के मां विन्ध्यवासिनी बालिका संरक्षण गृह में लड़कियों से देह व्यापार के मामले में जांच करने पहुंची मुख्यमंत्री की टीम ने लिये लड़कियों के बयान।
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 9:50 AM IST
Deoria Shelter Home
देवरिया शेल्टर होम

देवरिया. यूपी के देवरिया में भी बिहार के मुजफ्फरपुर जैसे कांड ने सबको हिलाकर रख दिया है। देवरिया के मां विन्ध्यवासिनी बालिका संरक्षण गृह में मुजफ्फरपुर की तरह लड़कियों से देह व्यापार का मामला सामने आने के बाद अब शासन सख्त हो गया है। सोमवार की देर रात बालिका संरक्षण गृह को सील कर दिया गया। इसके पहले अपर जिलाधिकारी और एडिशनल एसपी गणेश शाह के नेतृत्व में घंटों वहां के दस्तावेजों को खंगाला गया। जांच टीम सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गयी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मौके पर केवल कुछ कागजात और पंजिका मिली है जिसे सील कर कब्जे में ले लिया गया है। बालिका संरक्षण गृह की पूरी बिल्डिंग सील कर दी गयी है। हालांकि अभी तक गायब लड़कियों की कोई जानकार नहीं मिल पायी। सूत्रों की मानें तो जांच अभी लम्बा चलने की उम्मीद है।

देवरिया कांड के बाद सूबे के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस पर कड़ा एक्शन लिया और सोमवार को ही देवरिया के डीएम सुजीत कुमार को उनके पद से हटा दिया गया। उनकी जगह पर एटा के जिलाधिकारी अमित किशोर को देवरिया का नया डीएम बनाया गया है। इसके साथ ही डीपीओ अभिषेक पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया, जबकि प्रभारी डीपीओ रहे नीरज कुमार व अनुज सिंह के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिये जा चुके हैं।


घटना का खुलासा होते ही सोमवार को महिला कल्याण मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव कल्याण रेणुका कुमार, गृह सचिव अरविंद कुमार व एडीजी कानून व्यवस्था को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तलब किया था। इसके बाद एसीएस रेणुका कुमार व एडीजी (महिला हेल्पलाइन) अंजू गुप्ता जांच के लिये हेलिकॉप्टर से देवरिया पहुंचीं। टीम ने वहां छुड़ायी गयी लड़कियों से बातचीत की और उनका बयान लिया।

क्या है पूरा मामला
देवरिया में भी बिहार के मुजफ्फरपुर में शेल्टर होम में देह व्यापार जैसी घटना सामने आयी। देवरिया के स्टेशन रोड पर मां विन्ध्यवासिनी देवी समाज सेवा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से एक बालिका संरक्षण गृह चलाया जाता है। गृह से एक 10 साल की बच्ची भागकर महिला थाने पहुंची और वहां पुलिस को गृह में हो रहे लड़कियों के यौन शोषण की बात बतायी। सूचना के बाद देवरिया पुलिस ने रविवार की रात को ही संरक्षण गृह में छापेमारी कर वहां से 24 लड़कियों को छुड़ाया। पर वहां मौजूद पंजिका में दर्ज 42 में से 18 लड़कियों गायब थीं। पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी। छापेमारी के बाद वहां की संचालिका गिरिजा त्रिपाठी व उनके पति मोहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। देर रात ही एसपी रोहन पी कनय ने मीडिया को इस घटना की जानकारी दी।

Published on: