देवरिया

36 घंटे बाद भी प्रॉपर्टी डीलर के हत्यारे पकड़ से दूर, आक्रोशित परिजनों ने सांसद को घेरा

प्रॉपर्टी डीलर शुभम उर्फ नेहाल सिंह शहर के रामनाथ देवरिया मोहल्ले के मुंसफ कॉलोनी में रहता था। गुरुवार को नेहाल सिंह अपनी मां को अपने गांव समोगर छोड़ कर वापस आ रहा था। उसी बीच देवरिया-पकड़ी बरांव मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2024, 11:36 PM IST
Feature image

देवरिया में शुक्रवार को प्रापर्टी डीलर शुभम सिंह उर्फ नेहाल सिंह की हत्या के 36 घंटे बाद भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित परिजन और भीड़ ने प्रदर्शन करते हुए कचहरी चौराहे पर जाम लगा दिया।उसी दौरान वहां से गुजर रहे सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी को भी भीड़ ने घेर लिया और मामले में सख्त कार्रवाई कराने की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर एडीएम प्रशासन और एएसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझा कर जाम समाप्त कराया। इस दौरान करीब आधा घंटा तक आवागमन बाधित रहा।

विदेश से लौटे पिता, बेटे का शव देख हुए बदहवास

शुक्रवार को नेहाल सिंह के परिजनों व अन्य लोग आक्रोशित थे। दोपहर में पिता विश्वजीत सिंह विदेश से जिला मुख्यालय पर पहुंचे। बेटे का शव देख कर वे बदहवास हो गए। इसके बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा।सैकड़ों की संख्या में लोग पोस्टमार्टम चौराहा पर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद नारेबाजी करते हुए कचहरी चौराहा पर पहुंचे और जाम लगा दिया। यहां बीच सड़क में नेहाल सिंह की मां गायत्री, पिता विश्वजीत और अन्य लोग धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

आक्रोशित भीड़ ने सांसद को घेरा, एनकाउंटर करने की मांग

जाम लगने की जानकारी होने पर एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव और एएसपी उत्तरी दीपेंद्रनाथ चौधरी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश किए इसके बाद भी भीड़ आक्रोशित थी। परिजन नामजद मुकदमा दर्ज करने और अभियुक्तों की एनकाउंटर करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी उधर से गुजर रहे थे, भीड़ ने उन्हें भी घेर लिया और गिरफ्तारी की मांग की। सांसद ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

सड़क जाम से लगी वाहनों की कतार

एएसपी उत्तरी ने अभियुक्तों की 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम को समाप्त किया। पुलिस ने नेहाल सिंह का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान सड़क जाम से दोनों तरफ लग गई थी वाहनों की लंबी कतार लग गई।

अंत्येष्टि के समय भारी फोर्स तैनात

शुक्रवार की शाम नेहाल का शव समोगर गांव पहुंचा। शव पहुंचने की जानकारी होने पर आसपास के गांवों के भी लोगों की भीड़ जुट गई। दरवाजे पर शव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई।देर शाम राप्ती नदी तट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विदेश से लौटे पिता विश्वजीत सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान आधे दर्जन थाना की फोर्स समेत क्यूआरटी मौजूद रही।

Updated on:
8 Nov 2024, 11:36 PM IST
Published on: