
देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया में गौरीबाजार थानाक्षेत्र के इटवां गांव के पास एक किसान की हाईटेंशन तार की चपेट में आकर मौत हो गयी। बताया गया है कि वह साइकिल से खाद लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन तार रास्ते में टूट कर गिरा, जिसकी चपेट में आकर वह जिंदा ही जल गया और उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बताया गया है कि इटवां गांव के रहने वाले 32 साल के ताहिर अली सुबह के समय खाद लेने के लिए सिरजम स्थित साधन सहकारी समिति सिरजम गए थे। वह दोपहर के समय वापस लौट रहे थे, इसी दौरान गांव के पास ही टूटकर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गयी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक एचटी तार की चपेट में आने के बाद आग लग गई और ताहिर का शरीर जलने लगा। मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
मुनीम को गोली मारकर लूट
खामपार थाना क्षेत्र के मदनचक गांव के पास ही देशी शराब और बीयर की दुकान से रुपये लेकर जा रहे मुनीम का बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर उनसे करीब सवा लाख रुपये की लूट की। घायल मुनीम को इलाज के लिये नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। थानाक्षेत्र के बलुअन गांव निवासी अजय जायसवाल जो सलेमपुर के ब्लाक प्रमुख मंटू सिंह के यहां मुनीम है।
दुकानों में जमा रुपये बैंक में जमा कराते हैं। वह भवानीछापर स्थित देशी शराब और बीयर की दुकान से करीब सवा लाख रुपये लेकर दूसरी दुकान जा रहे थे। मदनचक गांव के समीप पहुंचने पर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने रोककर रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर बदमाश ने गोली चला दी। गोली मुनीम की जांघ में लगी और वह घायल होकर सड़क पर गिर गए। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए वहां से चलते बने। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचवाया। वहां से उन्हें बीरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
by Surya Prakash Rai