देवरिया में मनबढ़ युवक द्वारा एक दरोगा से हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दारोगा अपनी ड्यूटी पर तैनात थे और बोर्ड परीक्षा के बाद निकले छात्र और अभिवावकों की भीड़ नियंत्रित कर रहे थे।
देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे दारोगा कमलेश कुमार से एक युवक उलझ गया। आरोप है कि युवक ने चौकी इंचार्ज की वर्दी का बैज और नेम प्लेट नोच दी। घटना नवतप्पी इंटर कॉलेज के सामने हुई।
परीक्षा समाप्त होने के बाद अभिभावकों और छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे चौकी इंचार्ज यातायात सुचारु रखने के लिए व्यवस्थित कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। चौकी इंचार्ज ने उन्हें आगे बढ़ने और रास्ता खाली करने को कहा।
इतना कहते ही आरोपी युवक भड़क गया और उसने पुलिसकर्मी को धक्का दिया, वर्दी का बैज और नेम प्लेट नोच ली। दारोगा कमलेश कुमार ने कहा कि उन्होंने केवल भीड़ से हटने और यातायात बाधित न करने की सलाह दी थी।
इसी पर युवक विवाद करने लगा, उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और उनके निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।