देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक गांव में रविवार की सुबह पत्नी का शव बेड रूम में तो उसके पति का शव सलेमपुर-बरहज रेलवे ट्रैक पर मिला। जैसे ही खबर परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी स्थिति।
देवरिया में आज उस समय हड़कंप मच गया जब सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के देवराहा बाबा रेलवे स्टेशन के पास रविवार को बुद्धिराम गढ़वा गांव से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला, स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान जितेंद्र कुशवाहा, निवासी ग्राम माथापार के रूप में की। कुछ देर बाद माथापार गांव में एक महिला की लाश घर में मिली। महिला की पहचान बेबी देवी के रूप हुई। वह जितेंद्र कुशवाहा की पत्नी थी।
पुलिस ने युवक के शव की तलाशी ली तो उसमें हाथ से लिखा लेटर मिला जिसमें लिखा था कि मेरी पत्नी बदचलन हो गई थी इसलिए मैंने इसे मार दिया। इस मामले से किसी का कोई लेना-देना नहीं है। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र कुशवाहा दिमागी रूप से स्वस्थ नहीं है। कुछ समय से वह लगातार तनाव में रहता था। वहीं, बेबी देवी की लाश सुबह उस समय मिली जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे।परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीन भाइयों में सबसे छोटा जितेंद्र अपने परिवार से अलग रहता था उसके माता, पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही।