देवरिया जिले में एक अनोखी बारात निकली, जिसमें 30 सजे हुए ई-रिक्शों पर नाचते गाते बाराती दुल्हन के दरवाजे पर जा रहे थे। इस बारात को देखने के लिए सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई।
देवरिया में खुखुंदू ग्राम सभा में जा रही एक बारात देख कर लोगों की नजरे ठिठक गई। एक साथ लगभग 30 ई-रिक्शाें पर सजे-धजे बाराती और दुल्हा नाचते गाते दुल्हन के दरवाजे पर जा रहे थे, इतना संख्या में ई रिक्शा देख हर कोई बारात का आनंद ले रहा था। शादी की जोड़े में सजे दूल्हे दुर्गेश प्रसाद ने अपनी बारात एक अलग अंदाज में ई-रिक्शा से निकाली।
भटहर टोले के रहने वाले अवतार व उनकी पत्नी रामवती के पुत्र दुर्गेश दिहाड़ी पर मजदूरी करते है। उसकी शादी डुमरिया लाला गांव के स्वर्गीय बुल्लू प्रसाद और अनीता देवी के पुत्री कुमारी शिल्पी से तय थी। इस बारात में लगभग 30 ई रिक्शा थे। दुल्हा अपने दोस्तों के सहयोग से गांव के लगभग सौ की संख्या में बाराती लेकर शामिल हुआ। जनवासे पर जा रहे बाराती खुल कर आनंद ले रहे थे। जब बारात दुल्हन शिल्पी के दरवाजे पर पहुंची, तो लड़की पक्ष ने भी बड़े उत्साह से उनका स्वागत किया। द्वारपूजा, जयमाल और शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद अगली सुबह बारात विदा हुई। बारात को देख हर कोई कह रहा था खुशी कोई जरूरी नहीं कि लग्जरी चीजों से ही मिले, मन में उत्साह हो तो अभाव में भी खुशहाल जिंदगी जीया जा सकता है।