बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री का वितरण...
देवास. माध्यमिक शिक्षा मंडल की 2 मार्च से शुरू होने जा रही कक्षा दसवीं व बारहवीं की परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण बुधवार से उत्कृष्ट विद्यालय में शुरू किया गया। पहले दिन खातेगांव, कन्नौद व बागली विकासखंड के कुल 52 केंद्रों की सामग्री का वितरण किया गया। कई दल सुबह से आ गए थे लेकिन इनको सात घंटे से भी अधिक का इंतजार करना पड़ा। सामग्री के साथ बसें शाम को रवाना हो पाईं। तीनों विकासखंडों की गोपनीय सामग्री पुलिस जवानों के साथ 10 बसों से भेजी गई।
बुधवार को उत्कृष्ट विद्यालय में सामग्री वितरण करने के लिए सुबह 10.30 बजे से समय निर्धारित किया गया था। यहां पर टेंट लगाकर भी इंतजाम किए गए थे। 11 बजे से कई केंद्रों के दलों के पेटी व अन्य आवश्यक सामग्री लेकर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। केंद्राध्यक्षों द्वारा उपस्थिति दर्ज करवाते हुए सबसे पहले निर्धारित प्रपत्र भरा गया। इसमें संस्था व केंद्राध्यक्ष के नाम, विद्यार्थियों की संख्या, मोबाइल नंबर, अकाउंट नंबर, कॉपियों की संख्या आदि की जानकारी देना थी।
इसके बाद उपस्थिति पत्रक, चेक लिस्ट आदि सामग्री का लिफाफा इनको उत्कृष्ट विद्यालय से दिया गया। इसके बाद कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि, डीईओ, पुलिस जवान के हस्ताक्षर के बाद प्रश्न पत्र देने का काम किया गया। कई केंद्रों के दलों को सामग्री का वितरण तो दोपहर में ही कर दिया गया लेकिन इनके जाने के इंतजाम नहीं हो सके। सामग्री ले जाने के लिए करीब 10 बसों को अधिग्रहित करके स्कूल परिसर में ही खड़ा करवा लिया गया था।
इनकी रवानगी की शुरुआत शाम को हो सकी। समय अधिक लगने के कारण कई केंद्राध्यक्ष व अन्य स्टॉफ ने दिन में चाय-नाश्ता करके काम चलाया। सामग्री वितरण के दौरान डीईओ राजेंद्र खत्री, समन्वयक संस्था उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य चंद्रावती जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुवार को देवास, सोनकच्छ व टोंकखुर्द विकासखंडों के कुल 51 परीक्षा केंद्रों की गोपनीय सामग्री का वितरण किया।
कई दल देररात तक पहुंचे संबंधित थानों पर
देवास से गोपनीय सामग्री लेकर रवाना होने में देरी होने के कारण जिले के दूरस्थ अंचल के कई दल देररात संबंधित थानों तक पहुंचे। थानों में सामग्री रखने के बाद इनको अपने घरों तक पहुंचने में और अधिक समय लग गया।
केंद्र में बदलाव के लिए घूमते रहे अफसरों के आसपास
दो दिन पहले केंद्राध्यक्षों व सहायक केंद्राध्यक्षों को ड्यूटी आदेश वितरित किए जा चुके हैं। अलग-अलग कारणों के चलते कई के द्वारा आदेश में बदलाव करवाकर दूसरे केंद्र पर पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके चक्कर में बुधवार दोपहर उत्कृष्ट विद्यालय परिसर व अंदर कई केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष अफसरों के आसपास घूमते नजर आए। कई ने बात करके अपनी समस्याएं भी बताईं।