18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ा, देवास में किसान की हिम्मत के आगे नहीं टिक पाया तेंदुआ

Leopard Attack: खेत में मवेशी चराने गए किसान पर तेंदुए ने किया हमला, घायल किसान का दावा- पूरी ताकत से तेंदुए को धक्का दिया तो जंगल की ओर भाग गया।
2 min read
Google source verification
Dewas Leopard Attack

leopard attacks farmer in field farmer fights back, तेंदुए की फाइल फोटो व इनसेट में घायल किसान (Source- patrika+bandhavgarh nation park facebook page)

Dewas Leopard Attack: मध्यप्रदेश के देवास जिले के रोजड़ी गांव में एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किसान घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसान ने अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से संघर्ष किया और आखिरकार किसान की हिम्मत के आगे तेंदुए को हार माननी पड़ी। किसान का दावा है कि उसने पूरी ताकत से तेंदुए को धक्का दिया जिसके बाद तेंदुआ झाड़ियों से होता हुआ जंगल की ओर भाग गया।

तेंदुए ने किया हमला

रोजड़ी गांव के रहने वाले 55 वर्षीय किसान अजपल सिंह रोजाना की तरह मवेशी चराने के लिए शुक्रवार को खेत पर गए थे। इसी दौरान वहां घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। घायल अजपल सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमला करते ही वो जमीन पर गिर गए और तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए पूरी ताकत से तेंदुए से बचने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान उन्होंने तेंदुए को जोर से धक्का दिया जिससे तेंदुआ थोड़ी दूरी पर झाड़ियों में जा गिरा और जंगल में भाग गया।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक तेंदुआ भाग चुका था और घायल किसान अजपल सिंह खेत में पड़े थे। ग्रामीण तुरंत उन्हें बाइक से गांव तक लेकर आए। इसके बाद कार से देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि किसान के शरीर पर तेंदुए के पंजों और दांतों के कई घाव आए हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में घायल किसान अजपल सिंह का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों में दहशत

किसान पर तेंदुए के हमला करने की इस घटना के बाद रोजड़ी गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम भी गांव पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से तेंदुआ गांव व आसपास के इलाके में घूम रहा है और पहले भी एक व्यक्ति पर हमला कर चुका है, लेकिन वन विभाग अभी तक तेंदुए को पकड़ नहीं पाया है।