देवास

सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6 लाख का साइबर फ्रॉड, देवास पुलिस ने बिहार से पकड़ा ठग

Cyber Fraud : सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 6 लाख की ठगी। देवास पुलिस ने मामले में बिहार के कटिहार से आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लाख नकद जब्त किए हैं।
2 min read
Cyber Fraud
सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 6 लाख की ठगी (फोटो सोर्स: ANI News)

Dewas News :मध्य प्रदेश के देवास में सेवानिवृत्त कर्मचारी के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के आरोपी सचिन कुमार को बिहार के कटिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 5 लाख रुपए नकद भी जब्त कर लिए गए हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना इलाके में रहने वाले एलआईसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी 62 वर्षीय मनोहर लाल सिलोदिया को साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर संपर्क किया था। आरोपी ने उन्हें पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर कुल 6 लाख 3 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

1500 किलोमीटर दूर से पकड़ लाई पुलिस

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस ने बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के कटिहार पहुंची और आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर देवास ले आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर उसी के घर की अलमारी से 5 लाख रुपए नकद जब्त भी किए गए है। इस तरह ठगी गई कुल रकम का बड़ा हिस्सा बरामद किया गया है।

जामतारा के नेटवर्क से भी कनेक्शन

पुलिस गिरफ्त में ठगी का आरोपी (फोटो सोर्स: Patrika)

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर साइबर ठगी गिरोह के मुख्य सरगनाओं के तार झारखंड के जामतारा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों, ठगी की शेष राशि और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

Updated on:
13 Oct 2026 06:25 pm
Published on:
13 Oct 2026 04:50 pm