देवास

देवास में सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं और घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को कार ने कुचला, तीनों की मौत

Speeding Car Accident : उदयनगर-इंदौर मार्ग पर ग्राम दड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं और घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए पेड़ में जा घुसी तेज रफ्तार कार। आरोपी चालक पुलिस हिरासत में।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 5:47 PM IST
Speeding Car Accident
देवास में रफ्तार का कहर (फोटो सोर्स: Patrika)

Dewas News :मध्य प्रदेश के देवास जिले में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है। जिले के उदयनगर के पास ग्राम दड़ में रविवार को एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को टक्कर मार दी। इसके बाद कार घर के बाहर कुर्सी पर बैठे 80 वर्षीय बुजुर्ग को भी रौंदते हुए सीधे पेड़ में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि, ये भीषम सड़क हादसा उदयनगर से इंदौर जाने वाले मार्ग पर हुआ है। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि, चालक वाहन पर नियंत्रण भी नहीं रख सका। सड़क किनारे खड़ी दोनों महिलाएं चपेट में लेने के बाद वाहन घर के बाहर बैठे बुजुर्ग से जा टकराया और फिर पास स्थित पेड़ से जा भिड़ा। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में दो महिलाओं और बुजुर्ग की मौत

देवास में रफ्तार का कहर (फोटो सोर्स: Patrika)

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देवनालिया-जूनापानी इलाके में रहने वाले 80 वर्षीय शंकर, 40 वर्षीय मनीबाई और 45 वर्षीय जमुनाबाई के रूप में हुई है। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के लिए ये घटना बेहद दुखद रही, क्योंकि सड़क किनारे खड़ी महिलाओं और घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका था।

पिकनिक मनाने इंदौर से आया था चालक

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक इंदौर से पिकनिक मनाने के लिए उदयनगर आया था। कार की तलाशी के दौरान उसमें पिकनिक के दौरान खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और अन्य जरूरी सामान मिला है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण क्यों नहीं रख पाया और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और दुख का माहौल है। तीन लोगों की मौत ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Updated on:
25 Oct 2026, 5:47 PM IST
Published on: