देवास

“शान से विदा करूंगी, मैं रोउंगी नहीं”, देवास में शहीद की पत्नी ने पार्थिव देह को सेल्यूट कर दी अंतिम विदाई

Dewas Martyr Pawan Yadav : पोलाय जागीर में हुआ भारतीय सेना के जवान पवन यादव का अंतिम संस्कार, पुलिस और आर्मी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, नम आंखों से वीर सैनिक को अंतिम विदाई, पूरे गांव ने किया सैल्यूट
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:55 PM IST
शहीद पवन यादव
शहीद पवन यादव - image patrika

Dewas Martyr Pawan Yadav : देवास के शहीद पवन यादव का पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वे राष्ट्रीय राइफल में सिपाही थे। उधमपुर में ट्रेनिंग के दौरान पवन यादव की पैर फिसलने से गिरने से मौत हो गई थी। शहीद के अंतिम संस्कार में अनोखा नजारा दिखाई दिया। उनकी पत्नी शोभा ने सिंहनाद करते हुए कहा: मैं अपना वादा निभाउंगी, रोउंगी नहीं, आप मेरे हीरो हो, शान से विदा करूंगी…उन्होंने पवन यादव की पार्थिव देह को सेल्यूट कर अंतिम विदाई दी।

सोनकच्छ के पास पोलाय जागीर में मंगलवार को उस समय मातम छा गया था, जब उनके गांव के लाल पवन यादव की मौत की खबर सामने आई। 2 दिन गुरुवार को शहीद का पार्थिव शरीर दोपहर में इंदौर एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद वहां से आर्मी के ट्रक में पवन यादव के पार्थिव शरीर को देवास, नेवरी फाटा होते हुए उनके पैतृक गांव पोलाय जागीर लाया गया। देवास में जगह-जगह लोगों ने पुष्पचक्र व पुष्पवर्षा कर जवान पवन को श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के ट्रक के पीछे बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन पर सवार होकर चल रहे थे।

शव करीब शाम 6:30 बजे पवन यादव के पैतृक गांव पोलाय जागीर पंहुचा। सबसे पहले पत्नी और मां ने पवन को देखा और दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। कुछ देर घर में अंतिम दर्शन के बाद बाहर पुलिस विभाग की टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पवन की पत्नी शोभा यादव को अंतिम दर्शन के लिए सामने लाए। एक शेर की शहादत पर शेरनी के जैसे दहाड़ते हुए शोभा ने कहा:

" जो वादा किया वो निभाऊंगी। शान से विदा करूंगी नहीं रोउंगी। शेर था वो शेर, शेर की तरह आया है, मुझे बहुत गर्व है। परिवार का नाम रोशन कर दिया उन्होंने। धन्य है वो मां-बाप जिसने ऐसा पुत्र पैदा किया। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं, आपने मुझे दुनिया की हर खुशी दी। तुम मेरे हीरो हो हीरो, तुमने वादा किया है, हर कदम पर मेरे साथ रहना। बार-बार सैल्यूट है मेरा। "

इस दौरान बड़ा बेटा हित यादव बोला कि पापा को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। मैं भी उनकी तरह देश की सेवा करना चाहता हूं। इसके बाद पूरे गांव में अंतिम यात्रा निकाली गई, इस दौरान हजारों युवा और ग्रामीण अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोनकच्छ के पोलाय जागीर निवासी वीर सपूत पवन यादव के देश के प्रति कर्तव्य निर्वहन के दौरान निधन पर दुख व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी है।

गांव के हर आंगन में बनी थी रंगोली

अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय पूरे गांव में अनोखा नजारा देखने को मिला। पवन की शहादत पर पूरे गांव की हर बालिका ने अपने घर के बाहर देशभक्ति और पवन से जुड़े स्लोगन लिखे। जगह-जगह रंगोली बनाई गई। गांव के हर घर के बाहर फूलों की बरसात कर देश के लाल को अंतिम विदाई दी।

आईटीआई कॉलेज होगा पवन के नाम

विधायक डॉ राजेश सोनकर ने श्रद्धांजलि देते हुए पवन के नाम पर निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज और गांव में शहीद स्मारक, बच्चों की शिक्षा को लेकर घोषणा की। उन्होंने कहा कि पवन को शहीद का दर्जा, एक करोड़ की राशि व पत्नी को नौकरी देने के लिए 29 नवंबर को सोनकच्छ में होने वाले सीएम डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम में परिवार को साथ में बैठाकर आपसी समन्वय से जो उचित होगा किया जाएगा।

कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की

अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरे माहौल को खराब करने की कोशिश की। एक ओर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी लेकिन दूसरी ओर कुछ लोग जनप्रतिनिधियों को घेरकर खड़े हो गए और श्रद्धांजलि देने के दौरान हंगामा मचाने लगे। माहौल बिगड़ने लगा। शहादत के लिए परिवार के साथ खड़े होने की बजाय वहां लोग विवाद की स्थिति निर्मित करने लगे तो समाज के वरिष्ठों ने समझाइश देकर सभी को चुप कराया।

पैर फिसलने से हुई मौत

पवन के साथ काम कर रहे सिपाही ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पैर फिसलने के बाद वो अचेत हो गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनका कहना था कि इस मामले में बोर्ड बैठेगा और जांच के बाद परिवार को सूचित किया जाएगा।

Updated on:
20 Nov 2026, 2:55 PM IST
Published on: