देवास

देवास की ट्रैफिक पीड़ा पर प्रशासन गंभीर, ‘पत्रिका’ की पहल पर बनेगा सुधार का रोडमैप

Dewas Traffic Roadmap : 'शहर के पत्र' की प्रति लेकर कलेक्टर से मिले मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी के सदस्य। कलेक्टर बोले- यातायात सुधार और हादसों में कमी पहली प्राथमिकता है।
3 min read
• •
Updated: 2 Sep 2026, 2:34 PM IST
Dewas Traffic Roadmap
'शहर के पत्र' लेकर कलेक्टर से मिले मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी के सदस्य (फोटो सोर्स: Patrika)

Dewas News : मध्य प्रदेश के देवास शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर 'देवास शहर की ओर से कलेक्टर के नाम पत्र' अब प्रशासन तक पहुंच गया है। एबी रोड समेत शहर के प्रमुख और आंतरिक मार्गों पर बिगड़ती यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और आए दिन बनने वाले जाम के हालात को लेकर पत्रिका में प्रकाशित शहर के पत्र मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह को सौंपा गया। कलेक्टर ने पत्र को पढ़कर सदस्यों से चर्चा की और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आगामी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विस्तृत चर्चा कर एक्शन प्लान तैयार करने की बात कही।

पत्रिका में प्रकाशित पत्र में शहर की यातायात व्यवस्था के पूर्व और वर्तमान हालात को सामने रखते हुए प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने और यातायात को व्यवस्थित करने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया गया था।

देवास पत्रिका पढ़ते कलेक्टर ऋतुराज सिंह (फोटो सोर्स: Patrika)

पत्रिका की प्रति लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे सदस्य

मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी के नयन कानूनगो, योगेंद्र चावड़ा, अक्षय पोरवाल, यश वर्मा, ऋषभ लश्करी, श्रवण पांचाल, राहुल प्रजापति, आयुष यादव, रितेश जैन और भावेश सोलंकी 'देवास पत्रिका' की प्रति लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। सदस्यों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह को 'पत्रिका' की प्रति भेंट की और प्रकाशित पत्र के माध्यम से उठाए गए मुद्दों से अवगत कराया। सदस्यों ने कहा कि, शहर के लोगों की परेशानी को देखते हुए यातायात व्यवस्था में ठोस सुधार जरूरी है। इसके लिए प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

एबी रोड ही नहीं, अंदरूनी रास्तों पर भी जाम

सोसायटी के सदस्यों ने कलेक्टर को बताया कि, यातायात की समस्या सिर्फ एबी रोड तक सीमित नहीं है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। इसके चलते आए दिन जाम की स्थिति बनती है। शहर के आंतरिक मार्ग भी इससे अछूते नहीं हैं। मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग पर भी कई बार वाहनों के फंसने से आवागमन बाधित होता है। सदस्यों ने कहा कि अगर प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए तो शहरवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

सदस्यों ने कहा- 'शहर आपके साथ खड़ा है'

मित्राय सोशल वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने कलेक्टर से कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की इस मुहिम में संस्था प्रशासन के साथ खड़ी है। जरूरत पडऩे पर संस्था के सदस्य कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने के लिए तैयार हैं। सदस्यों ने कहा कि, यातायात व्यवस्था केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर के नागरिकों की भी इसमें भूमिका है। प्रशासन की कार्रवाई के साथ नागरिक सहयोग से ही स्थायी सुधार संभव है।

हर माह हो रही सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हर माह सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक लेकर व्यवस्था की मॉनीटरिंग की जा रही है। यातायात सुधार के साथ सड़क हादसों में कमी लाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि, आगामी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने, प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने और संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

अब पत्र से एक्शन तक पहुंची शहर की आवाज

'पत्रिका' में शहर की ओर से उठाई गई आवाज अब प्रशासन की मेज तक पहुंच चुकी है। एबी रोड और अन्य मार्गों पर यातायात की समस्या को लेकर सामने आए मुद्दों पर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर शहर की नजर रहेगी। शहर की अपेक्षा अब सिर्फ चर्चा की नहीं, बल्कि सड़क पर दिखने वाले बदलाव की है।

Updated on:
2 Sep 2026, 2:34 PM IST
Published on: