देवास

‘..हमें ही निपटा दिया’, सोनकच्छ में कार्यकर्ताओं के सामने छलका पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का दर्द

Former Opposition Leader Ajay Singh : कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सोनकच्छ पहुंचे। यहां उन्होंने निजी कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उनका दर्द छलक पड़ा। बोले- कांग्रेस में कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्हें किसी के हारने से खुशी होती है।

2 min read
Former Opposition Leader Ajay Singh
Former Opposition Leader Ajay Singh (कार्यकर्ताओं के सामने छलका पूर्व नेता प्रतिपक्ष का दर्द Photo Source- Input)

Sonkatch News : 'जो कार्यकर्ता किसी वजह से दुखी हैं, उन्हें एक मंच पर लाकर कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है। आज के समय में हमें भाजपा से नहीं, अपनों से जीतना है। कांग्रेस के कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्हें किसी के हारने से खुशी होती है। जब कुछ बचेगा ही नहीं तो कैसे खुश रहोगे। आज 25 साल से कांग्रेस की सरकार नहीं है, 30 साल के लड़के को मालूम ही नहीं कि, कभी कांग्रेस पार्टी की सरकार रही भी है। उसे सिर्फ भाजपा याद है। हम कमजोर नहीं है, बल्कि कुछ लोग हमें कमजोर करने का प्रयास करते हैं। उनसे सावधान रहना होगा।' ये बात मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने एक निजी कार्यक्रम के दौरान कही।

इस दौरान पार्टी में चल रही गुटबाजी को लेकर कार्यकर्ताओं के सामने उनका दर्द छलक गया। उन्होंने कहा, जब मैं नेता प्रतिपक्ष था तब हमने मेहनत करके सरकार बनवा दी, लेकिन दुर्भाग्य कि हमें ही निपटा दिया।

क्षेत्र में न जाने से हार गया था

2018 में मैं पूरे समय कमलनाथ के साथ था, अपने क्षेत्र में गया ही नहीं था। सरकार बन गई, लेकिन मैं हार गया। अगर 2 दिन भी क्षेत्र में गया होता तो नहीं हारता। अगर मैं 4 हजार वोट से हारने वाला होता तो अगली बार 30 हजार से कैसे जीत जाता, क्योंकि इस बार हमने क्षेत्र छोड़ा ही नहीं। हमने कहा भाड़ में जाए कोई और, पहले हम जीतें, फिर देखा जाएगा। टिकट किसे मिलेगा ये छोड़कर हमें कांग्रेस पार्टी की सरकार बनानी है। जो क्षेत्र में मेहनत करेगा उसे अपने आप टिकट मिलेगा।

मीनाक्षी नटराजन मामले पर टिप्पणी

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन ख़ारिज होने पर भी उन्होंने पार्टी के नेताओं पर ही कटाक्ष करते कहा कि, टिकट काटने वाले जो लोग थे अब चले गए हैं। वो अपना टिकट बचा लें, अब तो ये ही बड़ी बात है, जो आखिरी बचा था उसने नटराजन का इंतजाम कर दिया।

न माला पहनेंगे, न साफा बांधेंगे

अजय सिंह ने आगे कहा कि, कुछ महीनों से मैं मध्य प्रदेश के अलग - अलग हिस्सों में बिना किसी के निर्देश पर भ्रमण कर रहा हूं, ताकि पुराने लोगों को इकट्ठा किया जाए। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि जब तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक वे न तो माला पहनेंगे और न ही सिर पर साफा बांधेंगे। कार्यक्रम में सोनकच्छ एवं हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Published on:
23 Jun 2026 07:42 am