
Dewas House Collapse Accident: मध्यप्रदेश के देवास में भोपाल रोड स्थित ग्राम खटांबा में शुक्रवार को एक पारिवारिक 'मान' कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब तेज हवा और बारिश के बीच मकान की सीमेंटेड गैलरी (छज्जा) अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पांच वर्षीय बालिका सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। दो घायलों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
खटांबा गांव में रहने वाले श्रवण जाटव के यहां 'मान' कार्यक्रम आयोजित था। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। मकान के सामने टेंट लगाया गया था, जहां महिलाएं भोजन कर रही थीं। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच मकान के ऊपरी हिस्से की सीमेंटेड गैलरी अचानक टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे वहां बैठे लोग चपेट में आ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में संजय नगर, देवास निवासी लक्ष्मीबाई (32) पति मानस, उनकी मां भागवंता बाई (55) पत्नी धन्नालाल निवासी उज्जैन, सुगनबाई पति अंतरसिंह निवासी बिंजाना (देवास), पांच वर्षीय बालिका शिवानी तथा एक अन्य महिला घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन निजी वाहनों से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद लक्ष्मीबाई और उनकी मां भागवंता बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुगनबाई और बालिका शिवानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए अमलतास अस्पताल रेफर किया गया। एक अन्य घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक शर्मा, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। वहीं ग्रामीण तहसीलदार, पुलिस और प्रशासनिक अमला भी घटनास्थल पर पहुंचा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। जिस घर में कुछ ही देर पहले मांगलिक रस्मों की रौनक और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहां हादसे के बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। परिजन बदहवास हो गए और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।