
Dewas Scorpio Accident: मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ के पास बुधवार को एक हादसे में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई है जबकि डेढ़ साल की बच्ची समेत 10 लोग घायल है। घायलों ने बताया कि परिवार के सदस्य भोपाल से नई कार लेने के लिए स्कॉर्पियो से जा रहे थे, इसी दौरान सोनकच्छ के पास स्कॉर्पियो का टायर फटने से हादसा हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
इंदौर के रहने वाले गर्ग और अग्रवाल परिवार के 12 सदस्य स्कॉर्पियो से भोपाल से नई कार खरीदने के लिए निकले थे। कार सोनकच्छ के पास पहुंची थी तभी स्कॉर्पियो का टायर फट गया और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, घटना के बाद तुरंत राहगीरों ने मदद की और घायलों को स्कॉर्पियो से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया है अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इंदौर निवासी मयूरेश गर्ग (38) और उनकी बुआ संगीता अग्रवाल (51) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक डेढ़ साल की बच्ची सहित 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घायलों की पहचान सुनील अग्रवाल (62), प्रखर अग्रवाल (32), रिमी अग्रवाल (30), पलक अग्रवाल (26), सुरभि अग्रवाल (28), सुरभि की डेढ़ साल की बेटी, स्वप्नील गर्ग (37), शर्मिला गर्ग (36), कनव गर्ग (10) और दो वर्षीय दूरविक गर्ग के तौर पर हुई है।
खुशी-खुशी नई कार खरीदने जा रहे परिवार की खुशियां हादसे के बाद मातम में बदल गई हैं। खबर है कि मृतक मयूरेश गर्ग भाजपा से जुड़े हुए थे और उनकी हादसे की सूचना मिलते ही कैलाश विजयवर्गीय के बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी सोनकच्छ पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।