
Dewas Tiranga Yatra: मध्य प्रदेश समेत देशभर में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में देवास जिले में शुक्रवार को यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यात्रा में शामिल लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला (Bee Attack) कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना प्रापत हुई है। अचानक हुए इस हमले के कारण तिरंगा यात्रा कुछ देर के लिए प्रभावित हुई।
देवास जिले के विजयागंज मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों ने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तिरंगा यात्रा में शामिल एक डीजे वाहन एक पेड़ से टकरा गया। पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता मौजूद था। वाहन के टकराने और डीजे की तेज आवाज के बाद मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से तिरंगा यात्रा में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। हमले में करीब एक दर्जन लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए हैं। घायलों में से चार लोगों को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों का विजयागंज मंडी क्षेत्र के आसपास के अस्पतालों में उपचार कराया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद देवास विधायक गायत्री राजे पवार के निर्देश पर देवास नगर निगम सभापति रवि जैन, एमआईसी सदस्य गणेश पटेल नवीन सोलंकी, , चिंटू रघुवंशी दुर्गेश अग्रवाल विजय सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी जिलाअस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और अस्पताल प्रबंधन से घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने की बात कही। मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले के कारण तिरंगा यात्रा कुछ देर के लिए प्रभावित हुई, हालांकि स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया।