
Dews news: जापान के आइची नागाई में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस में मध्यप्रदेश के देवास जिले के जय मीणा ने देश को गौरवान्वित कर दिया। पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर सॉफ्ट टेनिस में भारत को पहला पदक दिलाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। सेमीफाइनल में मेजबान जापान के कुरोसाका ताकुया के खिलाफ कड़े मुकाबले में 2-4 से हार मिली, लेकिन इससे पहले क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराकर पदक पक्का कर लिया था। जय की जीत के बाद देवास के मुखर्जी नगर स्थित उनके घर में खुशी का माहौल है।
पत्रिका से जय मीणा के छोटे भाई यश मीणा ने बातचीत में बताया कि उन्हें अपने भईया पर बहुत गर्व है। उन्होंने सबको बहुत प्राउड फील कराया है। देश को एशियन गेम्स में उन्होंने मेडल दिलाया है। आगे उन्होंने कहा कि इस मेडल के लिए भईया ने 16 साल मेहनत की है। कई बार हार मिलने के बाद दिन-रात एक करके उन्होंने ये मुकाम हासिल किया है। वे हमेशा 'नेवर गिवअप' का एटीट्यूड रखते थे। यही कारण है कि उन्होंने बड़ी सफलता पाई है। आगे भी इसी तरह वे सफलता हासिल करते रहेंगे। मां संजना मीणा ने भी पत्रिका को बताया जय तैयारी व आत्मविश्वास के साथ गया था। कहा था, इस बार मेडल लेकर ही लौटूंगा। मां ने रात 3 बजे बेटे की जीत के लिए पूजा की। कुछ घंटे बाद ही पदक जीतने की खबर आई तो घर में खुशियां छा गई।
आपको बता दें कि जय मीणा भारतीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्होंने देश को एशियन गेम्स में मेडल दिलाया है। बता दें कि उन्हें पहचान तब मिली थी जब वे 2025 में एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में पुरुषों के सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंचकर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। अब एशियन गेम्स 2026 में जय ने भारत को मेडल दिलाया है। उन्होंने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के अराइन हुसैन को 4-0 से हराया और टूर्नामेंट में आगे बढ़े। इसके बाद वे पुरुषों के सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंचे, जिससे सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए पहला एशियन गेम्स मेडल पक्का हो गया।