धमतरी

लीप डे के दिन अस्पतालों में गूंजी किलकारी, एक साथ 13 बच्चों ने लिया जन्म, 4 साल बाद आएगा जन्मदिन

Child birth on leap day: 29 फरवरी यानी लीप-डे में शहर के अस्पतालों में 13 बच्चों ने जन्म लिए ये बच्चे जीवन के पिच पर एक-एक रन नहीं लेंगे। सीधे चौका लगाएंगे। मसलन हर चार साल में एक बार इन्हें जन्मदिन मनाने का अवसर मिलेगा।
3 min read
Mar 01, 2024
child_birth_on_leap_day.jpg

Child birth on leap day: 29 फरवरी यानी लीप-डे में शहर के अस्पतालों में 13 बच्चों ने जन्म लिए ये बच्चे जीवन के पिच पर एक-एक रन नहीं लेंगे। सीधे चौका लगाएंगे। मसलन हर चार साल में एक बार इन्हें जन्मदिन मनाने का अवसर मिलेगा।

शहर के जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में गुरूवार को 13 दंपत्तियों को संतान सुख की प्राप्ति हुई। कई तो ऐसे हैं जिनके घर में लंबे समय के बाद इस खास दिन में बच्चे की किलकारी गूंजी। पालकों का कहना है कि 29 फरवरी का दिन अपने आप में विशेष है, इसलिए वे अपने बच्चे का नाम भी कुछ विशेष रखेंगे।

जिला अस्पताल में साल्हेभाट निकवासी प्रसूता जागेश्वरी पति चुनेश ध्रुव को दूसरी बार माता-पिता बनने का सौभाग्य मिला। द्वितीय पुष्प के रूप में बेटे का जन्म हुआ। चुनेश ने बताया कि उसकी पत्नी ने प्रथम संतान के रूप लड़की को जन्म दिया था। दूसरे संतान के साथ ही परिवार पूरा हो गया। चारभाठा (कुरुद) निवासी गायत्री सोनकर को बेटी हुई। परिजनों का कहना है कि 29 फरवरी को जन्मी यह बच्ची पूरे परिवार के लिए खुशियां लेकर आई है। अर्जुनी निवासी डुमेश्वरी पति महेश यादव को भी बेटा हुआ। प्रसूता रमा जोशी को भी पुत्री रत्न प्राप्ति हुई है। सिजेनियन डिलवरी के बाद जनरल वार्ड में जैसे ही बच्ची को रमा को दिखाया गया, उसकी आंखें डबडबा गई। नानी मिलापा बाई और दादी कजला बाई अपने नाती-पोते को गोदी में उठाकर दुलार करने लगे। उसने बताया कि सुबह 11 बजे उन्हें लड़की होने की खुशखबरी मिली। 29 फरवरी के खास दिन जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में 8 बेटी और 5 बेटों ने जन्म लिया।

लीप-डे पर मिली पहले संतान की खुशी

बठेना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गुरूवार को दोपहर 3.30 बजे सुलेखा बाई धृतलहरे ने बेटी को जन्म दिया। सुलेखा ने बताया कि उसका पति राइस मिल में मुंशी का काम करते हैं। लीप-डे की जानकारी होने से वह इस दिन डिलवरी को टालना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति से 29 फरवरी को डिलवरी कराया गया। यह उनका पहला बच्चा है। इसलिए वे अपने बच्चे का जन्मदिन हर चार साल में विशेष तरीके से मनाएंगे। इसी अस्पताल में डिंपल और आर्शी को भी मातृत्व सुख मिला।

श्रेया ने 40 साल में मनाया 10वां बर्थ-डे

Leap Day 29 February Birthday: शहर के अमलताशपुरम निवासी श्रेया गुप्ता का जन्म भी 29 फरवरी को हुआ था। अभी उनकी उम्र 40 वर्ष है। अब तक उन्हें सिर्फ 10 जन्मदिवस मनाने का अवसर मिला। उन्होंने अपना 10वां जन्मदिवस शासन की योजना अनुरूप सोरिद स्थित शासकीय भर्रीपारा स्कूल में मनाई। यहां उन्होंने बच्चों को न्योता भोज के रूप में मिठाई, फल, समोसे बांटे। इसके अलावा सभी बच्चों को स्टेशनरी सामाग्री भी प्रदान की। श्रेया गुप्ता ने बताया कि वह विशेष तिथि पर पैदा हुई है। चार साल में भले ही एक बार बर्थ-डे मनाती है, लेकिन पूरे उत्साह के साथ विशेष दिन को सेलिब्रेट करती हैं। कभी-कभी लगता है कि बांकी लोग हर साल जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन जब उनके बर्थ-डे पर जो विशेष शुभकामनाएं मिलती है, तो लीप-डे का गम खुशी में बदल जाता है।

ज्योतिष गणना बच्चे होंगे प्रतिभा के धनी

ज्योतिषी पंडित कमलेश शास्त्री ने बताया कि हिन्दी पंचांग के अनुसार 29 फरवरी गुरूवार को फाल्गुन कृष्ण पंचमी तिथि रही। इस दिन चित्रा नक्षत्र और स्वाती नक्षत्र के अलावा वृद्धि योग और ध्रुव योग भी बना। प्रमुख ग्रहों की बात करें तो चंद्रमा तुला राशि में, सूर्य-शनि कुंभ राशि में और गुरू मेष राशि में रहे, इसलिए इस दिन जन्मे बच्चे विशेष प्रतिभा के धनी रहेंगे। उनकी धर्म-कर्म में रूचि रहेगी।

Published on:
01 Mar 2024 12:49 pm