धमतरी

दिवाली मनाने घर जा रहे जीजा-साली को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

एक तरफ जहां परिवार दिवाली की तैयारियों में लगा था वहीं अचानक आए एक फोन कॉल ने सब बरबाद कर दिया। एक हादसे ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया।
2 min read
Oct 16, 2017
terrible road accident
दीपावली मनाने घर जा रहे जीजा-साली को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौत

धमतरी. एक तरफ जहां परिवार दिवाली की तैयारियों में लगा था वहीं अचानक आए एक फोन कॉल ने सब बरबाद कर दिया। एक हादसे ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया। दरअसल दिवाली की छुट्टी के बाद खुशी-खुशी अपने जीजा के साथ डोंगरगांव जा रही 21 साल की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की वजह से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि नगरी के कुम्हारपारा निवासी पिंकी घाटे (21) पिता गुलाब घाटे, अपने जीजा सुरेंद्र प्रजापति के साथ बाइक पर सवार होकर डोंगरगांव जा रही थी। धमतरी पहुंचने पर दोनों ने सिहावा चौक स्थित एक रेस्टारेंट में चाय-नाश्ता किया।

इसके बाद वे यहां आगे बढ़े ही थे, तभी महावर धर्मशाला के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 17 एच-5111 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में पिंकी को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।घटना के बाद चालक वाहन को लेकर फरार हो गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इधर, खबर पाकर पूर्वान्ह 11 बजे डीएसपी पंकज पटेल, टीआई संतोष जैन और एसआई हर्षवर्धन बैस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। कुछ दुकानों में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरा की भी पड़ताल की है। उधर, इस घटना ने शहर की टै्रफिक व्यवस्था की फिर पोल खोल दी है। इससे आम नागरिकों में रोष है।

बीएससी की थी छात्रा
पुलिस ने बताया कि पिंकी घाटे मूलत: महाराष्ट्र गोंदिया के ग्राम काकोड़ी की रहने वाली थी, जो अपने दीदी-जीजा के साथ नगरी में रहकर बीएससी सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। रविवार को काम से डोंगरगांव जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया।

Published on:
16 Oct 2017 07:06 pm