Dhamtari News: सिहावा पर्वत स्थित अंगिरा ऋषि पहाड़ी में बुधवार शाम करीब 6 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग 3 हेक्टर जंगल तक पहुंच गई।
CG News: धमतरी के सिहावा पर्वत स्थित अंगिरा ऋषि पहाड़ी में बुधवार शाम करीब 6 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग 3 हेक्टर जंगल तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही बिरगुड़ी और सीतानदी रेंज के अधिकारी व वनकर्मी मौके पर पहुंचे और फायर ब्लोअर के माध्यम से आग पर काबू पाया गया।
उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व के डीएफओ वरूण जैन ने बताया कि अंगिरा ऋषि पहाड़ी के पास एक किसान का खेत है। किसान पराली जलाने के लिए आग लगाया गया था। पराली की चिंगारी पास ही स्थित बांस प्लांटेशन तक पहुंच गई और यह आग अंगिरा ऋषि के जंगल को भी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग लगभग 3 हेक्टर में फैल गई। अधिकारियों की सतर्कता से आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित किसान की पहचान करेंगे, जिसकी लापरवाही से जंगल तक आग पहुंच गई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि वनों को आग लगने की घटना से बचाने के लिए हर साल 15 फरवरी से 15 मई तक फायर वाचरों की नियुक्ति की जाती है। शिफ्ट वाइज ये फायर वाचर अपने-अपने वन क्षेत्रों की निगरानी करते हैं। पखवाड़ेभर पूर्व ही वनकर्मियों व अधिकारियों को आगजनी की घटना को लेकर प्रशिक्षण दिया गया था। इस साल फायर वाचर की नियुक्ति के पहले ही जंगल में आगजनी की यह पहली घटना है।